Trending

अब ट्रेन में ज्यादा सामान ले जाने की चिकचिक खत्म ! घर बैठे कर सकते है ऑनलाइन लगेज बुकिंग, ये रहा प्रोसेस

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): देश के करोड़ों लोग रोजाना भारतीय रेलवे से सफर करते हैं, जहां लोग अपनी जरूरत का सामान अपने साथ लेकर जाते हैं. जब सामान कम होता है, तब तक लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं होती. वहीं, जब पूरा परिवार एक साथ सफर करता है या लंबे समय के लिए कहीं जाना होता है, तो लोग ज्यादा सामान और सूटकेस लेकर चलते हैं. ऐसे में लोगों के मन में यही चिंता रहती है कि इतना सामान घर से स्टेशन तक कैसे ले जाएं, फिर स्टेशन पर ट्रेन में कैसे चढ़ाएं और गंतव्य स्टेशन पर उतरने के बाद उसे कैसे संभालें.

अब ज्यादा सामान की टेंशन छोड़ो

ऐसे लोगों की यह टेंशन खत्म करने के लिए रेलवे ने बड़ी पहल की है. भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन लगेज बुकिंग की सुविधा शुरू की है. इसके जरिए यात्री घर बैठे अपने फोन से अतिरिक्त सामान की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं, जिससे उनका सफर पहले से ज्यादा आसान और आरामदायक हो जाएगा, क्योंकि उन्हें सामान की चिंता नहीं रहेगी. अब यह सुविधा कैसे काम करती है, आइए आपको बताते हैं.

खुलकर करिये यात्रा

बता दें कि बहुत से लोग अपने परिवार के साथ यात्रा करते हैं, जिनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल होते हैं. ऐसे में एक तरफ उनकी देखभाल करनी होती है, तो दूसरी तरफ सामान की चिंता भी बनी रहती है. अब रेलवे की इस नई सुविधा से यात्रियों की यह परेशानी काफी हद तक दूर हो जाएगी. घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद एक तय प्रक्रिया के तहत सामान रेलवे के लगेज या पार्सल सिस्टम के माध्यम से आपके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा. वहीं, अधिकृत एजेंसियों के जरिए कई स्थानों पर घर से सामान लेने और तय पते तक पहुंचाने डोरस्टेप डिलीवरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है. अब इस ऑनलाइन प्रक्रिया को कैसे पूरा किया जा सकता है, आइए आपको स्टेप बाय स्टेप बताते हैं.

ये रही प्रक्रिया

यदि आप भी लगेज बुकिंग की इस सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं, तो सबसे पहले आपको भारतीय रेलवे की पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम (PMS) वेबसाइट पर जाना होगा. वहां Book Luggage/Excess Luggage के विकल्प का चयन करना होगा. इसके बाद अपना पीएनआर नंबर और यात्रा से जुड़ी जानकारी, जैसे यात्रा की तारीख, बोर्डिंग स्टेशन, गंतव्य स्टेशन और ट्रेन नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद अपने अतिरिक्त सामान का वजन किलो के हिसाब से भरना होगा. फिर सिस्टम आपके सामान के वजन और दूरी के आधार पर पैसे का हिसाब कर देगा. इसके बाद आपको ऑनलाइन भुगतान करना होगा. भुगतान पूरा होने के बाद आपकी रसीद ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी, जिसे आप डाउनलोड या सेव कर सकते हैं.

पहले लाइन में लगना पड़ता था

आपको बता दें कि इससे पहले अधिक सामान ले जाने वाले यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद पार्सल ऑफिस में जाकर बुकिंग करानी पड़ती थी, जिसमें काफी समय लगता था. कई बार लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती थी. लेकिन अब ऑनलाइन सुविधा शुरू होने से यात्रियों का समय बचेगा, उनकी परेशानी कम होगी और अतिरिक्त सामान की बुकिंग पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगी. ऐसे में अब आप अपने परिवार के साथ बिना सामान की चिंता किए आराम से यात्रा कर सकते हैं और जरूरत के अनुसार अधिक सामान भी साथ ले जा सकते हैं.