टीएनपी डेस्क: बिहार के लोगों के जुगाड़ के किस्से तो आपने खूब सुने होंगे लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो ऐसा है जिसे देखकर आप भी कहेंगे भाई, ये जुगाड़ तो गजब है! दरअसल बिहार में इन दिनों बाढ़ का पानी कई इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. सड़कें पानी में डूबी हुई हैं और कई जगह घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया है. ऐसे में लोगों के लिए पैदल चलना या सामान लेकर एक जगह से दूसरी जगह जाना काफी मुश्किल हो गया है. लेकिन इसी मुश्किल के बीच कुछ युवकों ने ऐसा देसी जुगाड़ निकाला, जिसे देखकर हर कोई हैरान है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पूरा इलाका बाढ़ के पानी में डूबा हुआ है. सड़क पर चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. ऐसे में युवकों ने पुलिस के भारी-भरकम बैरिकेड को ही अपनी सवारी बना लिया. एक युवक ने बैरिकेड को पानी में उल्टा रखा और उसके ऊपर बोरी समेत अपना सामान रख दिया. इसके बाद वह उसी बैरिकेड पर बैठ गया. वहीं दूसरा युवक पीछे से उसे धक्का देते हुए पानी में आगे बढ़ाने लगा. यानी नाव नहीं मिली तो पुलिस बैरिकेड को ही नाव बना दिया.
इस अनोखे जुगाड़ का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो देखने के बाद लोग युवक की सोच और जुगाड़ की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं और मजेदार कमेंट्स भी कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा पुलिस सुरक्षा का सही समय पर सही इस्तेमाल. वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा बिहार में जुगाड़ की कोई कमी नहीं है. इसके अलावा कई लोगों ने वीडियो पर अलग-अलग मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं.
फिलहाल बाढ़ की मुश्किल परिस्थितियों के बीच निकाला गया ये अनोखा जुगाड़ लोगों का खूब मनोरंजन कर रहा है. वीडियो देखकर आप भी यही कहेंगे मुसीबत कितनी भी बड़ी हो जुगाड़ करने वालों के पास रास्ता जरूर होता है.
