☰
Trending

तुझे किसी का नहीं होने दूंगी... शौहर के नाजायज संबंध से परेशान बीवी ने पिलाई नशीली कॉफी, फिर काट दिया प्राइवेट पार्ट

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पति-पत्नी के रिश्ते को दुनिया के पवित्र रिश्तों में से एक माना गया है. पर क्या हो जब कोई तीसरा इस रिश्ते में आ जाए तो इसका पति-पत्नी के रिश्ते पर कैसा असर पड़ सकता है यह कोई नहीं जानता. ऐसे में कभी-कभी ऐसे मामले इतना खौफनाक रूप ले लेते हैं, जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते. ऐसा ही एक मामला इन दिनों सामने आया है जहां एक पत्नी ने अपने शौहर का प्राइवेट पार्ट काट दिया. 

दरअसल मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ से जुड़ा है जहां पति-पत्नी के बीच ऐसा विवाद हुआ जिसके बाद शबनम नाम की महिला पर अपने पति नदीम को नशीली कॉफी पिलाकर बेहोश करने और फिर चाकू से हमला कर उसके प्राइवेट पार्ट को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि महिला को शक था कि उसके पति की किसी दूसरी महिला से दोस्ती है. साथ ही, संतान नहीं होने के कारण उसे पति के दूसरी शादी करने का डर भी सता रहा था. ऐसे में मिली जानकारी के अनुसार, नदीम और शबनम की शादी करीब साढ़े सात साल पहले हुई थी. दंपती की कोई संतान नहीं है. नदीम का आरोप है कि शबनम अक्सर उस पर किसी दूसरी महिला के साथ संबंध होने का संदेह जताती थी. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता रहता था.

इसी बीच आरोप है कि 8 अक्टूबर की रात शबनम ने नदीम को कॉफी पीने के लिए दी. कॉफी में नशीला पदार्थ मिला होने के कारण वह पीने के बाद गहरी नींद में सो गया. इसी दौरान महिला ने उसके कपड़े उतारकर चाकू से कई वार कर दिए, जहां उसके प्राइवेट पार्ट पर भी हमला किया गया है. ऐसे में हमले में नदीम गंभीर रूप से घायल हो गया. इधर पीड़ित के मुताबिक, उसकी पत्नी अक्सर झगड़े के दौरान कहती थी, 'तुझे किसी का नहीं होने दूंगी और अपना भी नहीं रखूंगी.' नदीम का आरोप है कि इसी तरह के विवाद के बीच पत्नी ने वारदात को अंजाम दिया.

घटना के बाद शबनम के घर से चले जाने की बात सामने आई है. रात करीब दो बजे नदीम की नींद खुली, तब उसे अपने साथ हुई घटना का पता चला. उसकी हालत देखकर स्थानीय बस्ती के लोग उसे तत्काल मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज कराया गया. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक, शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पत्नी शबनम को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले चाकू को भी बरामद कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल, घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है.