टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है जहां पति ने अपने तीन मासूम बेटों की आँखों के सामने ऐसी हैवानियत की है जिसे जान आपका भी कलेगा दहल उठेगा. दरअसल पति ने अपनी पत्नी के साथ बड़ी ही बेरहमी से खूनी वारदात को अंजाम दिया है. पति ने अपने तीनों बच्चों के सामने ही उनकी मां की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी है.
मामला तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से जुड़ा है जहां पत्नी की हत्या का ऐसा मामला सामने आया है जहां घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की धारदार चाकू से गला काटकर मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति घटनास्थल से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. ऐसे में फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
दरअसल मृतका की पहचान 32 वर्षीय अजमेरा बेगम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम मोहम्मद मुस्तफा बताया जा रहा है. यह घटना हैदराबाद के पहाड़ी शरीफ इलाके के न्यू बाबा नगर में हुई. यह क्षेत्र बालापुर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना के समय घर में दंपति के तीनों बेटे भी मौजूद थे. हालांकि, पुलिस की ओर से घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है.
परिवार के सदस्यों के अनुसार, वारदात से पहले अजमेरा बेगम और मोहम्मद मुस्तफा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि बहस के दौरान मुस्तफा ने धारदार चाकू से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया. इस हमले में महिला का गला कट गया और उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला. हालांकि, विवाद की असली वजह क्या थी और किस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ऐसे में प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू मामलों को लेकर विवाद होता रहता था. पुलिस इन जानकारियों के आधार पर घटना की जांच कर रही है. साथ ही, परिवार के सदस्यों और अन्य संभावित गवाहों से पूछताछ कर वारदात से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. साक्ष्य जुटाने के लिए क्लूज टीम की भी मदद ली गई. टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं, ताकि मामले की जांच में उनका इस्तेमाल किया जा सके. इसके बाद अजमेरा बेगम के शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल की मॉर्चरी में भेज दिया गया.
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है. फरार आरोपी मोहम्मद मुस्तफा को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने के साथ अन्य जरूरी जानकारियां भी जुटा रही है. फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है.
