☰
Trending

इंसानियत शर्मसार! पहले प्रेमी को पीटा, फिर सामने ही आदिवासी युवती से किया गैंगरेप, अश्लील वीडियो बनाकर...

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं जहां एक आदिवासी युवती की आबरू से एक बार फिर खिलवाड़ किया गया है. मामले में एक प्रेमी युगल के साथ हैवानियत की गई है जहां पहले प्रेमी को पकड़कर पीटा गया है. वहीं दूसरी ओर आदिवासी युवती से बारी-बारी कर युवकों ने गैंगरेप किया और इस घटना को आरोपियों ने अपने फोन में कैद भी कर लिया. 

दरअसल छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक आदिवासी युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है. खरसिया के बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन में अपने प्रेमी के साथ घूमने गई युवती को दो युवकों ने निशाना बनाया. आरोप है कि दोनों ने पहले युवती के प्रेमी की लाठी-डंडों से पिटाई की और फिर युवती को दूसरी जगह ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. इतना ही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया. मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. 

प्रेमी का विरोध करने पर लाठी-डंडों से किया हमला

पुलिस के अनुसार, घटना 14 नवंबर की है. खरसिया से करीब 10 किलोमीटर दूर बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन में एक आदिवासी युवती अपने प्रेमी के साथ घूमने पहुंची थी. शाम करीब चार बजे बोतल्दा निवासी राहुल पटेल (21) और फनेश्वर पटेल (20) वहां पहुंचे. आरोप है कि दोनों ने प्रेमी जोड़े को रोककर उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद युवती को जबरन अपने कब्जे में लेने की कोशिश की. युवती के प्रेमी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. मारपीट में युवक को कई चोटें आईं. आरोपियों ने उसके पास मौजूद रुपये भी छीन लिए.

युवती से दुष्कर्म कर बनाया वीडियो, फिर शुरू की ब्लैकमेलिंग

प्रेमी की पिटाई करने के बाद दोनों आरोपी युवती को अपने साथ दूसरी जगह ले गए. पीड़िता के आरोप के मुताबिक, वहां दोनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. आरोपियों ने उसे कई घंटों तक अपने कब्जे में रखा और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. इसी दौरान मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया. रात होने पर आरोपी युवती को छोड़कर फरार हो गए.

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर उसे डराने लगे. इसके बाद ब्लैकमेल कर मोबाइल यूपीआई के जरिए उससे 1,200 रुपये ट्रांसफर कराए गए. वहीं, उसके प्रेमी से भी 10 हजार रुपये लूटने का आरोप है. इस तरह आरोपियों ने कथित तौर पर दुष्कर्म, मारपीट, लूट और वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग की वारदात को अंजाम दिया.

शिकायत के बाद पुलिस ने बनाई तीन टीमें, दोनों आरोपी गिरफ्तार

घटना के अगले दिन 15 नवंबर को पीड़िता खरसिया थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की. पीड़िता द्वारा दी गई जानकारी और आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश शुरू की गई. गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल पटेल और फनेश्वर पटेल को गिरफ्तार कर लिया.

रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 14 नवंबर को युवक-युवती अटल रॉक गार्डन घूमने गए थे. इसी दौरान दोनों आरोपियों ने युवक पर हमला किया और युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी बोतल्दा क्षेत्र के निवासी हैं. गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.