☰
Trending

सेहरा बांधकर घर आने की कर रहा था तैयारी, मुकरी प्रेमिका तो सनकी आशिक़ ने खुद को मार ली गोली, वीडियो वायरल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आपने प्यार की एक से बढ़कर एक किससे कहानियाँ सुनी होंगी, जहां कभी-कभी बेइंतेहा प्यार में लोग इस कदर पागल हो जाते हैं कि कुछ भी कर गुजरने को तैयार हो जाते हैं. ऐसा ही एक खौफनाक मामला सामने आया है जहां गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड से शादी करने से इनकार किया तो लड़के ने लड़की के घर के सामने ही खुद को गोली मार ली. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

मामला जुड़ा है उत्तर प्रदेश के बस्ती से जहां 30 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका के घर के बाहर देसी पिस्तौल से खुद को गोली मारकर जान दे दी. बताया जा रहा है कि युवक और युवती पिछले करीब 10 वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे. शुरुआत में दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन बाद में युवती के परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया और उसकी शादी कहीं दूसरी जगह तय कर दी. इसी बात को लेकर युवक काफी नाराज और परेशान था.

घटना हर्रैया थाना क्षेत्र के बसेवा राय गांव की है, जो जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित है. बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे शिवकुमार नाम का युवक युवती से मिलने उसके घर पहुंचा. वह मूल रूप से ठाकुरपुर गांव का रहने वाला था और अपने रिश्तेदार लालू प्रसाद के यहां आया हुआ था. घर के बाहर पहुंचने पर युवती के परिजनों ने उसे रोक दिया. इसके बाद युवक ने युवती से मुलाकात नहीं कराने पर आत्महत्या करने की धमकी दी. उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और उसे समझाने का प्रयास करने लगे. हालांकि, किसी की बात नहीं मानते हुए उसने देसी पिस्तौल निकाली और अपने सीने में गोली मार ली. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा. 

सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और परिजनों सहित आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मामले में पुलिस अधिकारियों के अलग-अलग बयान भी सामने आए हैं. हर्रैया थाना प्रभारी संजय कुमार के मुताबिक, दोनों की शादी पहले तय हुई थी, लेकिन किसी कारणवश रिश्ता टूट गया था. वहीं, सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि युवक अपनी बुआ की बेटी यानी अपनी चचेरी बहन से शादी करना चाहता था, जबकि युवती इसके लिए तैयार नहीं थी. इसको लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी.

ऐसे में इस मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने मंगलवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया था. वहां बातचीत के बाद दोनों के बीच समझौता हुआ था. उन्होंने एक-दूसरे से संपर्क खत्म करने और मोबाइल नंबर बदलने का फैसला किया था. युवक ने अपने मोबाइल से संबंधित फोटो और वीडियो डिलीट करने की बात भी स्वीकार की थी. लेकिन समझौते के अगले ही दिन वह युवती के घर पहुंच गया और इस घटना को अंजाम दे दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.