tnp desk : आमतौर पर किसी प्रोफेसर या शिक्षक की छवि ऐसी होती है कि वह पढ़ाई-लिखाई और अकादमिक दुनिया तक ही सीमित रहते हैं. लेकिन कई बार यही शिक्षक अपने हुनर से लोगों के बीच अपनी एक अलग पहचान बना लेते हैं. इन दिनों सोशल मीडिया पर IIT बॉम्बे की एक प्रोफेसर का ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोकप्रिय गाने 'नैनो वाले' पर शानदार डांस करती नजर आ रही हैं.
कल्चरल हाउस प्रोग्राम में दी शानदार प्रस्तुति
वायरल हो रहे वीडियो में IIT बॉम्बे की प्रोफेसर रुचि आनंद संस्थान के कल्चरल हाउस प्रोग्राम के दौरान डांस करती दिखाई दे रही हैं. उन्होंने 'नैनो वाले' गाने पर बेहद खूबसूरत अंदाज में डांस किया. उनके डांस मूव्स के साथ-साथ चेहरे के एक्सप्रेशन ने भी वहां मौजूद लोगों का खूब ध्यान खींचा. प्रोफेसर रुचि आनंद ने अपनी प्रस्तुति में शानदार ग्रेस और कॉन्फिडेंस दिखाया. उनकी परफॉर्मेंस देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोग भी झूमने पर मजबूर हो गए. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी उनके डांस और एक्सप्रेशन की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर हो रही जमकर तारीफ
प्रोफेसर रुचि आनंद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. लोग उनके डांस मूव्स और एक्सप्रेशन की तारीफ करते हुए कह रहे हैं कि एक शिक्षक की पहचान सिर्फ उसकी पढ़ाई और प्रोफेशन तक सीमित नहीं होती.
मजबूत है अकादमिक बैकग्राउंड
प्रोफेसर रुचि आनंद की पहचान एक गंभीर और प्रतिभाशाली शिक्षाविद के तौर पर भी है. उन्होंने IIT कानपुर से मास्टर्स की पढ़ाई की है और अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से पीएचडी की डिग्री हासिल की है. उनका अकादमिक और रिसर्च करियर भी काफी मजबूत रहा है. अब तक लोग उन्हें मुख्य रूप से उनके नॉलेज और रिसर्च के लिए जानते थे, लेकिन इस वायरल वीडियो के बाद उनके व्यक्तित्व का एक अलग और दिलचस्प पहलू भी लोगों के सामने आया है.
प्रोफेशन से आगे भी होती है हमारी पहचान
रुचि आनंद की यह परफॉर्मेंस उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो खुद को सिर्फ अपने प्रोफेशन या पद तक सीमित कर लेते हैं. यह वीडियो दिखाता है कि किसी व्यक्ति की पहचान सिर्फ उसके पद से नहीं होती. हर इंसान के भीतर कई तरह की प्रतिभाएं और हुनर छिपे हो सकते हैं जिन्हें मौका मिलने पर वह दुनिया के सामने ला सकता है.
