Trending

ससुर ने बहु को कुल्हाड़ी से काटा, फिर खुद कुएं में लगा ली छलांग... जानिए खौफनाक वारदात

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): कहा जाता है की ससुर, पिता के समान होता है. पर वही पिता समान ससुर जब रिश्तों की मर्यादा को भूलकर कर उन्हें तार-तार करने पर उतारू हो जाए तो क्या होगा ? सुनकर बेशक अजीब लगा होगा पर यह सच है. 

दरअसल महाराष्ट्र के नागपुर में अंधविश्वास और घरेलू विवाद से जुड़ी एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. यशोधरानगर थाना क्षेत्र के पाहुने लेआउट स्थित पिवली नदी परिसर में एक बुजुर्ग ससुर ने अपनी बहू की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को लंबे समय से अपनी बहू पर जादू-टोना करने का शक था. उसका मानना था कि बहू के काला जादू करने की वजह से उसके बेटे की मौत हुई. घटना के बाद आरोपी ने खुद भी जान देने की कोशिश की और घर के पीछे स्थित कुएं में छलांग लगा दी. हालांकि, आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया. फिलहाल आरोपी को इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कपड़े धो रही थी बहू, तभी कुल्हाड़ी से हमला
पुलिस के अनुसार, शनिवार को घर में बहू लक्ष्मी रविशंकर पाली कपड़े धो रही थी. उस वक्त घर में अन्य लोग मौजूद नहीं थे. इसी दौरान 70 वर्षीय नाथूलाल पाली ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से बहू पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गई. हमले के बाद वह वहीं गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी ससुर मौके से भागने के बजाय घर के पीछे बने कुएं के पास पहुंचा और उसमें छलांग लगा दी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग वहां जुट गए.

लोगों ने पुलिस को दी सूचना
आरोपी को कुएं में कूदते देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी. सूचना मिलते ही यशोधरानगर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नाथूलाल को कुएं से बाहर निकाला. इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस अब हत्या के पीछे की परिस्थितियों और आरोपी के मानसिक तौर पर बहू के प्रति बने शक की भी जांच कर रही है.

2019 में हुई थी बेटे की मौत
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि नाथूलाल के बेटे रविशंकर पाली की वर्ष 2019 में मौत हो गई थी. बेटे की मौत के बाद से ही नाथूलाल को अपनी बहू लक्ष्मी पर शक था. आरोपी को कथित तौर पर लगता था कि लक्ष्मी जादू-टोना या काला जादू करती है और उसी के कारण उसके बेटे की मौत हुई. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. पुलिस के अनुसार, आरोपी के मन में बहू के प्रति लंबे समय से नाराजगी थी और वह उसे बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार मानता था.

अंधविश्वास बना खूनी वारदात की वजह?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हत्या की योजना पहले से बनाई थी या विवाद के दौरान अचानक हमला किया. साथ ही, बहू पर जादू-टोना करने के शक से जुड़े किसी ठोस आधार की भी जांच की जा रही है. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस ने हत्या और उसके बाद आरोपी द्वारा कुएं में छलांग लगाने की पूरी घटना को जांच के दायरे में लिया है. आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, जिससे वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट होने की उम्मीद है.