Tnp desk: हाथी को आमतौर पर शांत और समझदार जानवर माना जाता है. लेकिन जब यही विशालकाय जानवर बेकाबू हो जाए तो उसकी ताकत का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है. वीडियो में एक हाथी सड़क के बीचों-बीच खड़ी सफेद कार को अपनी सूंड से उठाकर बार-बार पटकता नजर आ रहा है. हाथी कार को इतनी ताकत से जमीन पर मारता है कि देखते ही देखते गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाती है. हैरानी की बात ये है कि हाथी के ऊपर कुछ लोग सवार भी दिखाई दे रहे हैं जो इस पूरे घटनाक्रम के दौरान काफी डरे हुए नजर आते हैं. सड़क पर मौजूद लोग भी हाथी के इस रौद्र रूप को देखकर वहां जमा हो गए
इस वीडियो को एक्स पर Sajid Tyagi नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. पोस्ट के साथ लिखा गया, “गजराज ने गुस्से में गाड़ी का क्या हाल बना दिया है? उम्मीद करते हैं कि इसमें अंदर कोई ना बैठा हो. हालांकि हाथी अचानक इतना आक्रामक क्यों हुआ इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. वीडियो कब और कहां का है इसकी पुष्टि भी नहीं हो सकी है.
बताया जा रहा है कि वीडियो को 20 सितंबर 2026 को एक्स पर शेयर किया गया था और इसे हजारों बार देखा जा चुका है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
कुछ लोग हाथी के ऊपर बैठे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि संभव है लोगों की किसी हरकत से हाथी भड़क गया हो. फिलहाल हाथी का कार को उठाकर पटकने वाला ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और एक बार फिर दिखा रहा है कि जंगली जानवर कितना भी शांत क्यों न दिखाई दे उसके व्यवहार को हल्के में लेना कितना खतरनाक हो सकता है.
