टीएनपी डेस्क : मध्य प्रदेश के एक क्लीनिक में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज के हाथ में अचानक मोबाइल फोन फट गया. मोबाइल में धमाके के बाद आग लग गई. इस पूरी घटना का वीडियो क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सामने आया है.
दरअसल क्लीनिक में कुछ मरीज अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान एक शख्स बैठकर मोबाइल फोन चला रहा था. तभी अचानक उसके हाथ में मौजूद मोबाइल में जोरदार धमाका हुआ और उसमें आग लग गई. मोबाइल फटते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि मोबाइल चला रहे शख्स के ठीक बगल में एक महिला नवजात बच्चे को लेकर बैठी हुई थी. जैसे ही मोबाइल में ब्लास्ट हुआ, महिला घबरा गई और तुरंत बच्चे को लेकर क्लीनिक के गेट से बाहर निकल गई. वहीं मोबाइल पकड़े बैठा शख्स भी अचानक हुए धमाके से सहम गया.
मोबाइल में आग लगने के बाद क्लीनिक के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इसी बीच क्लीनिक का एक स्टाफ मौके पर पहुंचा और आग बुझाने में जुट गया. स्टाफ ने जलते हुए मोबाइल पर पानी डालकर आग पर काबू पाया. उसकी तत्परता से आग को क्लीनिक में फैलने से रोक लिया गया. गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. क्लीनिक में मौजूद नवजात बच्चे, महिला और अन्य मरीज भी सुरक्षित रहे. मोबाइल में धमाका होने से लेकर आग बुझाने तक की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मोबाइल फोन में अचानक ब्लास्ट क्यों हुआ. मोबाइल की बैटरी या किसी अन्य तकनीकी खराबी को लेकर भी फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन क्लीनिक में हुई इस घटना का वीडियो काफी चौंकाने वाला है.
