टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मामूली बहस कब खौफनाक रूप ले सकता है, यह कोई नहीं जनता. ऐसा ही मामला सामने आया है जहां बीच बाजार युवक और युवती के बीच पहले मामूली बहस शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया की युवक ने युवती की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जहां गला रेतने से युवती की मौत हो गई.
दरअसल मामला जुड़ा है राजधानी दिल्ली के मोती नगर इलाके से जहां एक कपड़े की दुकान के चेंजिंग रूम में युवती का गला रेतकर उसकी जान ले ली गई. मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है. इस मामले में सूरज नाम के युवक पर हत्या करने का आरोप है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, शबनम और आरोपी सूरज एक-दूसरे को पहले से जानते थे. दोनों के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था.
बातचीत के बहाने चेंजिंग रूम में ले गया आरोपी
परिजनों के मुताबिक, सूरज पहले भी शबनम के साथ मारपीट कर चुका था. परिवार ने आरोप लगाया है कि वह इस वारदात को अंजाम देने की तैयारी के साथ दुकान पहुंचा था और अपने साथ धारदार हथियार भी लेकर आया था. आरोपी दुकान में पहुंचा और शबनम से बातचीत शुरू की. इसके बाद वह उसे बात करने के बहाने दुकान के चेंजिंग रूम में ले गया. वहां दोनों के बीच पहले बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में बहस शुरू हो गई.
बहस के दौरान धारदार हथियार से किया हमला
बताया जा रहा है कि चेंजिंग रूम के अंदर विवाद बढ़ने पर सूरज ने कथित तौर पर धारदार हथियार से शबनम के गले पर वार कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल शबनम की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. दुकान में हुई इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. मुख्य संदिग्ध सूरज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं. पुलिस परिजनों के आरोपों के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का आधिकारिक खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
