Trending

अजब प्रेम की गज़ब कहानी! दिन में आशिक़ और रात में पति के साथ रहने की जिद पर अड़ी महिला, फिर जो हुआ...

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दुनिया में पति-पत्नी के अनोखे रिश्ते की मिसाल पेश की जाती है. पर इन दिनों सुर्खियों में एक ऐसा मामला आया है जहां पति-पत्नी ने अपने दाम्पत्य जीवन में किसी तीसरे इंसान की एंट्री करवा ली है और अब सामंजस्य बैठा कर तीनों लोग आपस में जीवन ज्ञापन करेंगे. 

मामला उत्तर प्रदेश के सीतापुर का है महमूदाबाद थाना क्षेत्र में एक महिला अपने पति और प्रेमी दोनों के साथ रहने की जिद पर अड़ गई. हैरानी की बात यह है कि महिला के पति और प्रेमी को भी उसके इस फैसले से कोई आपत्ति नहीं है. मामला जब पुलिस थाने पहुंचा तो काफी देर तक समझाने-बुझाने की कोशिश हुई, लेकिन तीनों अपने फैसले से पीछे नहीं हटे. बताया जा रहा है कि महिला की शादी करीब 10 साल पहले क्षेत्र के ही मुकेश वर्मा से हुई थी. दंपती की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब 6 और 8 वर्ष बताई जा रही है. मुकेश काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता था.

बताया गया कि करीब डेढ़ साल पहले महिला की पहचान पड़ोसी गांव के रहने वाले नितिन शर्मा से हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया. मामला तब और चर्चा में आया, जब महिला और नितिन ने कथित तौर पर 21 मार्च को मंदिर में शादी कर ली. इस रिश्ते से महिला के मायके वाले नाराज हो गए और उन्होंने उससे दूरी बना ली. इसके बाद महिला अपने पति के घर में ही नितिन के साथ रहने लगी. परिवार के कुछ सदस्यों ने इसका विरोध किया, लेकिन महिला अपने फैसले पर कायम रही.

मामला तब थाने पहुंचा, जब परिवार की ओर से महिला और नितिन को घर से निकालने की बात कही गई. शुक्रवार शाम महिला अपने पति, प्रेमी और बच्चों के साथ महमूदाबाद कोतवाली पहुंची. पुलिस ने तीनों से बातचीत कर विवाद सुलझाने की कोशिश की. लेकिन महिला ने साफ कहा कि वह पति और प्रेमी दोनों के साथ रहना चाहती है. महिला के मुताबिक, उसका प्रेमी दिन के समय उसके और बच्चों के साथ रहेगा, जबकि रात में वह अपने पति के साथ रहेगी. महिला का कहना है कि वह न तो अपने पति को छोड़ना चाहती है और न ही प्रेमी से अलग होना चाहती है.वहीं पति और प्रेमी ने भी महिला से अलग होने से इनकार कर दिया. पुलिस के सामने पति ने भी दोनों का साथ बनाए रखने की बात कही. महिला अपने दोनों बच्चों को भी साथ रखने की इच्छा जता रही है.

मामले में सबसे बड़ी परेशानी परिवार के विरोध को लेकर है. दोनों पक्षों के परिजन इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं बताए जा रहे हैं. परिवार की ओर से तीनों को अपने साथ रखने से इनकार किया गया. ऐसे में बातचीत के बाद यह स्थिति सामने आई कि महिला अपने बच्चों, पति और प्रेमी के साथ परिवार से अलग रह सकती है. महमूदाबाद के कोतवाल भानु प्रताप सिंह के मुताबिक, महिला, उसका पति, प्रेमी और बच्चे शुक्रवार रात करीब आठ बजे कोतवाली पहुंचे थे. पुलिस ने मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने के लिए सभी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन तीनों अपने फैसले पर कायम रहे.

मामले में फिलहाल किसी तरह की जबरदस्ती या अपराध की शिकायत सामने नहीं आने के कारण पुलिस की भूमिका भी सीमित नजर आ रही है. तीनों वयस्कों की सहमति होने की स्थिति में पुलिस के लिए हस्तक्षेप का कानूनी आधार अलग हो सकता है और किसी भी कार्रवाई के लिए परिस्थितियों व उपलब्ध शिकायत/साक्ष्य को देखना जरूरी होगा. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई है. फिलहाल पति-पत्नी और प्रेमी के इस रिश्ते ने महमूदाबाद में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है.