Tnp desk: मुंबई से सटे वसई के नायगांव पूर्व इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 6 साल के बच्चे की 11वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई. यह घटना नायगांव ईस्ट स्थित नवकार टावर की है. मृतक बच्चे की पहचान मिलित के रूप में हुई है.जानकारी के मुताबिक, मिलित अपने घर के बाहर 11वीं मंजिल की गैलरी में पड़ोस में रहने वाली एक बच्ची के साथ खेल रहा था. इसी दौरान वह कथित तौर पर जूते रखने के रैक पर चढ़ गया और वहां मौजूद खुली खिड़की से नीचे गिर गया. हादसे की पूरी घटना बिल्डिंग में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में हादसे के बाद परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों को घबराहट में भागते हुए देखा जा सकता है.
नीचे गिरने के दौरान बच्चा एक पाइप पर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.इस मामले में नायगांव पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है.गौरतलब है कि इससे पहले 22 जुलाई 2025 को इसी बिल्डर यानी नवकार बिल्डर्स की एक अन्य इमारत की 12वीं मंजिल से गिरकर 4 साल की बच्ची की भी मौत हो गई थी. लगातार हुई इन घटनाओं के बाद ऊंची इमारतों में बच्चों की सुरक्षा और बिल्डिंग में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
