☰
News

लखनऊ में एक के बाद तीन लोगो का मर्डर , LIVE VIDEO आया सामने

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): एक छोटा सा पार्किंग विवाद कैसे किसी की मौत का कारण बन सकता है, इसका खौफनाक नजारा लखनऊ में देखने को मिला. यहां खाली प्लॉट में कार खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं. इस झड़प में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई. हैरानी की बात यह है कि यह पूरी वारदात किसी सुनसान सड़क या अंधेरी जगह पर नहीं, बल्कि मोहल्ले में लोगों के सामने हुई. अब इस हत्याकांड का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी खुलेआम पिस्टल से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हुई इस वारदात की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है. आइए बताते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है.

पार्किंग को लेकर शुरू हुआ था विवाद

मामला 26 अक्टूबर का है, लखनऊ के सआदतगंज इलाके में एक खाली प्लॉट पर कार खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी. शुरुआत में मामला मामूली बहस का था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने लगा. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि इसी दौरान वही खड़े एक व्यक्ति ने पिस्टल निकालकर सामने मौजूद लोगों पर गोलियां चला दीं. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज 29 अक्टूबर को सामने आया. वीडियो में आरोपी करीब 22 सेकेंड के भीतर पांच राउंड फायरिंग करता दिखाई देता है. पहले वह दो गोलियां चलाता है. इसके बाद पिस्टल में दोबारा कारतूस भरता है और फिर तीन राउंड फायर करता है. यानी मामूली पार्किंग विवाद के बीच आरोपी ने खुलेआम पांच गोलियां चला दीं.

वीडियो में आरोपी यह कहते हुए भी सुनाई देता है कि उसे ईंट से मारा गया था, इसलिए उसने गोली चलाई. हालांकि, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

एक ही परिवार के तीन लोगों की गई जान

फायरिंग में घायल तीनों लोगों को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतकों की पहचान 62 वर्षीय शिवाजी तिवारी, 55 वर्षीय शिवेंद्र तिवारी और 30 वर्षीय सुयश तिवारी के रूप में हुई है. एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है.

आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस ने इस मामले में 30 वर्षीय आरोपी शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और चार खाली कारतूस बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है. बताया गया है कि आरोपी पहले मर्चेंट नेवी में नेविगेशन अधिकारी के तौर पर काम कर चुका है.

FIR में आठ लोगों के नाम, दो पुलिस अधिकारी निलंबित

मामले में शिवेंद्र तिवारी की पत्नी रुचि तिवारी की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. इसमें हत्या और बलवा समेत गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य और कश्मीरी मोहल्ला चौकी प्रभारी अजय कुमार चौरसिया को निलंबित कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर सड़क, जमीन और पार्किंग जैसे छोटे-छोटे विवादों में लोग कानून हाथ में लेकर किसी की जान लेने तक कैसे पहुंच जाते हैं.