☰
News

दामोदर में समाई सोनाक्षी की तलाश जारी, अब रांची से पहुंची NDRF की टीम

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): लोक आस्था के महापर्व जितिया के नहाए -खाए के दिन शुक्रवार को सुदामडीह  थाना क्षेत्र में बिरसा पुल ( सीता नाला) के समीप दामोदर नदी में स्नान करने गई 15 वर्षीय किशोरी सोनाक्षी कुमारी पानी के तेज बहाव में बह गई.  सोनाक्षी को बचाने गए उसके  मामा भी डूबने लगे थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया  था. युवती   मूल रूप से बिहार के आरा  के रहने वाली है.  इधर, लापता युवती  की तलाश के लिए शनिवार को रांची से एनडीआरएफ की टीम सुदामडीह  पहुंची।  

एनडीआरएफ की टीम ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन 

टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.  नदी की तेज धार और गहराई को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से लापता युवती  को तलाश रही है. बता दें कि सोनाक्षी कुमारी आरा से लोदना अपनी नानी के घर आई थी.  .शुक्रवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ  पर्व के अवसर पर  दामोदर नदी पहुंची  .इस दौरान वह अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गई. सोनाक्षी को डूबता देख उसके मामा उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए . तेज बहाव के कारण दोनों डूबने लगे .हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सोनाक्षी के मामा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन सोनाक्षी तेज बहाव में बह गई. 

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.युवती के नदी में लापता होने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया था .आक्रोशित लोगों ने बिरसा पुल को जाम कर दिया था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस-प्रशासन ने भटिंडा फॉल से प्रशिक्षित गोताखोर को बुलाया लेकिन युवती का कोई पता नहीं चला . जिसके बाद शनिवार को एनडीआरएफ की सहायता से नदी में तलाशी अभियान शुरू कराया.फिलहाल एनडीआरएफ की टीम नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चला रही है. युवती के  परिजन नदी किनारे डटे हुए हैं.