टीएनपी डेस्क (TNP DESK): ईयरबड्स, स्पीकर और दूसरी मोबाइल एक्सेसरीज के लिए पहचानी जाने वाली भारतीय कंपनी Mivi अब स्मार्टफोन की दुनिया में भी उतर गई है. कंपनी ने 24 सितंबर को भारत में अपना पहला स्मार्टफोन Mivi One 5Gलॉन्च कर दिया है. फोन की शुरुआती कीमत 12,999 रुपये रखी गई है. इसके साथ कंपनी सीधे बजट 5G स्मार्टफोन बाजार में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है.
इस फोन की खास बात यह भी है कि इसे भारत में ही तैयार किया जा रहा है. कंपनी के मुताबिक फोन का निर्माण हैदराबाद में किया जा रहा है.
स्नैपड्रैगन प्रोसेसर के साथ आया फोन
Mivi One 5G में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 4 जेन 2 प्रोसेसर दिया गया है. यह एक ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है. फोन को रोजमर्रा के काम, सोशल मीडिया, वीडियो देखने और सामान्य गेमिंग जैसी जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
फोन में 6.75 इंच की HD प्लस डिस्प्ले दी गई है. इसके साथ 90 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट मिलता है, जिससे स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग और दूसरे काम ज्यादा स्मूथ महसूस हो सकते हैं.
6000 mAh की बड़ी बैटरी
बैटरी के मामले में भी कंपनी ने बड़ा दांव खेला है. Mivi One 5G में 6000 एमएएच की बैटरी दी गई है. ऐसे में उन लोगों के लिए यह एक विकल्प हो सकता है जो फोन में बड़ी बैटरी चाहते हैं.
कैमरे की बात करें तो इसके पीछे 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है. वहीं सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए सामने 8 मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है.
तीन रैम विकल्प में मिलेगा फोन
कंपनी ने फोन को 128 जीबी स्टोरेज के साथ अलग-अलग रैम विकल्पों में उतारा है. 4 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 12,999 रुपये है.
वहीं 6 जीबी रैम वाले मॉडल की कीमत 14,999 रुपये और 8 जीबी रैम वाले मॉडल की कीमत 16,499 रुपये रखी गई है.
फोन ग्रीन, ब्लू, डार्क ब्लू, पिंक और बरगंडी जैसे कई रंगों में लिस्ट किया गया है.
डिजाइन को रखा गया सिंपल और मॉडर्न
Mivi ने अपने पहले स्मार्टफोन के डिजाइन पर भी ध्यान दिया है. फोन के पिछले हिस्से में कैमरा मॉड्यूल दिया गया है. इसके साथ फ्लैट बैक और घुमावदार किनारे देखने को मिलते हैं. कंपनी ने इसे बजट कीमत में मॉडर्न लुक देने की कोशिश की है.
फ्लिपकार्ट के जरिए होगी बिक्री
Mivi One 5Gको ऑनलाइन फ्लिपकार्ट के जरिए बेचा जाएगा. कंपनी ने अपने पहले स्मार्टफोन के लिए क्वालकॉम, गूगल और फ्लिपकार्ट के साथ साझेदारी की बात कही है.
फोन लॉन्च से पहले MIVI ने सर्विस पर भी खास जोर दिया था. कंपनी ने देशभर में 500 से ज्यादा सर्विस सेंटर और 19 हजार से ज्यादा पिन कोड पर मुफ्त पिक-एंड-ड्रॉप सुविधा देने की बात कही है.
एमआईवीआई के लिए यह लॉन्च इसलिए भी अहम है क्योंकि अब तक कंपनी की पहचान मुख्य रूप से ऑडियो प्रोडक्ट्स से रही है. अब Mivi One 5Gके जरिए कंपनी ने स्मार्टफोन बाजार में अपनी नई पारी शुरू कर दी है.