टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मोबाइल रिचार्ज की कीमत बढ़ने की चिंता कर रहे जियो ग्राहकों के लिए कंपनी ने नया ऑफर पेश किया है. जियो ने ‘जियो प्राइम’ सदस्यता की घोषणा की है, जिसके तहत ग्राहक सिर्फ ₹300 की एकमुश्त फीस देकर अपने मौजूदा पात्र प्लान की कीमत को करीब एक साल तक लॉक कर सकेंगे. यानी सदस्यता अवधि के दौरान उसी प्लान पर रिचार्ज करने पर बढ़ी हुई कीमत का असर नहीं पड़ेगा.
जियो प्राइम की सदस्यता 20 अगस्त 2026 से शुरू होगी. ग्राहक इसे MyJio ऐप, Jio.com, जियो स्टोर और अधिकृत जियो पार्टनर स्टोर से ले सकेंगे. यह सुविधा मौजूदा प्रीपेड और पोस्टपेड यूजर्स के साथ नए ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध होगी. दूसरे नेटवर्क के ग्राहक भी नंबर पोर्ट कराकर या नया जियो कनेक्शन लेकर इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं.
₹299 वाला प्लान रहेगा जारी
टेलीकॉम कंपनियों के रिचार्ज प्लान में बदलाव के बीच जियो ने अपने ₹299 वाले प्लान को जारी रखने की बात कही है. कंपनी के मुताबिक, जियो प्राइम लेने वाले ग्राहक 5 सितंबर 2027 तक अपने मौजूदा पात्र प्लान की कीमत लॉक कर सकेंगे. खास बात यह है कि प्राइम सदस्य किसी एक प्लान में बंधे नहीं रहेंगे. वे जरूरत के हिसाब से जियो के दूसरे पात्र प्लान पर भी रिचार्ज कर सकते हैं और सदस्यता के फायदे लेते रहेंगे.
₹600 के कैशबैक वाउचर भी मिलेंगे
जियो प्राइम सदस्यता के साथ ग्राहकों को कुल ₹600 के दो कैशबैक वाउचर भी दिए जाएंगे. इनमें ₹300 का एक वाउचर नया JioHome या JioPC कनेक्शन लेने पर इस्तेमाल किया जा सकेगा. वहीं दूसरा ₹300 का वाउचर परिवार या दोस्त के लिए नया जियो सिम लेने पर उपयोग किया जा सकेगा. इसके अलावा प्राइम सदस्यों को नए जियो प्रोडक्ट और सेवाओं का अर्ली एक्सेस और प्राथमिकता वाला कस्टमर सपोर्ट भी मिलेगा.
बढ़ते रिचार्ज खर्च के बीच आया ऑफर
जियो का यह ऑफर ऐसे समय आया है जब टेलीकॉम सेक्टर में रिचार्ज की कीमतों को लेकर ग्राहकों के बीच चिंता बनी हुई है. एयरटेल ने अपने प्रीपेड पोर्टफोलियो में बदलाव करते हुए ₹299 समेत कुछ लोकप्रिय प्लान हटाए हैं. इसके बाद 28 दिन की डेली-डेटा कैटेगरी में ₹349 वाला प्लान शुरुआती विकल्पों में शामिल है. ऐसे में जियो प्राइम ग्राहकों को मौजूदा कीमत को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का विकल्प देता है. हालांकि, यह कोई अनिवार्य रिचार्ज प्लान नहीं बल्कि अलग से ली जाने वाली सदस्यता है.
