☰
TECHNOLOGY

WhatsApp में आया नया फीचर, अब पहले से तय कर सकेंगे मैसेज भेजने का समय

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर लाने जा रहा है, जिसकी मदद से अब मैसेज भेजने के लिए हर बार ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं होगी. यूजर पहले ही अपना मैसेज लिखकर उसकी तारीख और समय तय कर सकेंगे. इसके बाद मैसेज अपने आप निर्धारित समय पर सामने वाले व्यक्ति तक पहुंच जाएगा. यह सुविधा पर्सनल चैट के साथ-साथ ग्रुप में भी काम करेगी.

10 मिनट से 14 दिन तक कर सकेंगे शेड्यूल

इस नए फीचर के जरिए यूजर 10 मिनट से लेकर अगले 14 दिनों तक के लिए मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे. इसमें सिर्फ टेक्स्ट ही नहीं, बल्कि फोटो और वीडियो भेजने का समय भी तय किया जा सकेगा. खास बात यह है कि मैसेज भेजने के लिए उस समय फोन का चालू रहना या इंटरनेट से जुड़ा होना भी जरूरी नहीं होगा.

अगर मैसेज भेजने से पहले यूजर का मन बदल जाता है, तो वह उसे डिलीट भी कर सकेंगे. कंपनी के मुताबिक, यह सुविधा एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ सुरक्षित रहेगी.

कई कामों में मिलेगी मदद

इस फीचर का इस्तेमाल कई जरूरी कामों के लिए किया जा सकता है. जैसे रात में ही सुबह के लिए कोई मैसेज लिखकर शेड्यूल करना, जन्मदिन या सालगिरह की बधाई समय पर भेजना और ऑफिस की मीटिंग या जरूरी काम से जुड़ी जानकारी पहले से तैयार रखना. अलग-अलग देशों में रहने वाले लोगों के लिए भी यह सुविधा काफी उपयोगी हो सकती है.

धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचेगा फीचर

WhatsApp ने इस फीचर को भारत समेत दुनियाभर के यूजर्स के लिए रोलआउट करना शुरू कर दिया है. हालांकि, फिलहाल यह कुछ चुनिंदा यूजर्स को ही मिल रहा है. आने वाले हफ्तों में इसे दूसरे यूजर्स तक भी पहुंचाया जाएगा. ऐसे में यूजर्स को अपना WhatsApp अपडेट रखना चाहिए.