टीएनपी डेस्क(TNP DESK): सैमसंग ने अपने नए फोल्डेबल स्मार्टफोन के साथ दो नई स्मार्टवॉच गैलेक्सी वॉच 9 और गैलेक्सी वॉच अल्ट्रा 2 भी लॉन्च कर दी हैं. इस बार कंपनी ने स्मार्टवॉच को सिर्फ फिटनेस ट्रैकर तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का इस्तेमाल कर इसे एक पर्सनल हेल्थ असिस्टेंट बनाने की कोशिश की गई है.
नई स्मार्टवॉच यूजर की नींद, दिल की सेहत, एक्सरसाइज, रिकवरी और रोज की गतिविधियों पर नजर रखेगी. इसके साथ ही यह एआई की मदद से हेल्थ से जुड़े सुझाव भी देगी. खास बात यह है कि इस बार सैमसंग ने गैलेक्सी वॉच क्लासिक मॉडल लॉन्च नहीं किया है.
गैलेक्सी वॉच अल्ट्रा 2 की कीमत और फीचर्स
सैमसंग गैलेक्सी वॉच अल्ट्रा 2 को सिर्फ 47 एमएम साइज में लॉन्च किया गया है. इसकी कीमत 69,999 रुपये रखी गई है. यह टाइटेनियम सिल्वर और टाइटेनियम ग्रे कलर में उपलब्ध होगी.
यह स्मार्टवॉच खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाई गई है जिन्हें ट्रैकिंग, एडवेंचर और आउटडोर एक्टिविटी पसंद है. इसमें 1.52 इंच का सैफायर क्रिस्टल सुपर एमोलेड डिस्प्ले दिया गया है, जिसकी अधिकतम ब्राइटनेस 5,000 निट्स तक है. यानी तेज धूप में भी स्क्रीन आसानी से दिखाई देगी.
इसमें क्वालकॉम स्नैपड्रैगन वियर एलीट 3 नैनोमीटर प्रोसेसर, 2 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज मिलता है. इसमें 800 एमएएच की बैटरी दी गई है, जो पुराने मॉडल के मुकाबले करीब 35 प्रतिशत बड़ी है.
गैलेक्सी वॉच अल्ट्रा 2 को 10 एटीएम, आईपी69 के और ईएन13319 सर्टिफिकेशन मिला है. इसका मतलब है कि इसे तैराकी, डाइविंग और मुश्किल आउटडोर परिस्थितियों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. पानी के अंदर जाने पर यह गहराई, पानी का तापमान और डाइविंग समय जैसी जानकारी भी रिकॉर्ड कर सकती है.
गैलेक्सी वॉच 9 में मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स
गैलेक्सी वॉच 9 को 40 एमएम और 44 एमएम दो साइज में लॉन्च किया गया है. इसमें हल्का डिजाइन और एल्यूमिनियम फ्रेम दिया गया है, जिससे इसे पूरे दिन पहनना आसान रहेगा.
44 एमएम मॉडल में 1.47 इंच और 40 एमएम मॉडल में 1.34 इंच का सुपर एमोलेड डिस्प्ले मिलता है. दोनों मॉडल में हमेशा चालू रहने वाला डिस्प्ले और 3,000 निट्स तक की ब्राइटनेस दी गई है.
इसमें भी स्नैपड्रैगन वियर एलीट प्रोसेसर दिया गया है. इसके साथ 2 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज मिलता है. बैटरी क्षमता मॉडल के हिसाब से 390 एमएएच और 445 एमएएच है.
गैलेक्सी वॉच 9 को 5 एटीएम, आईपी68 और एमआईएल-एसटीडी-810एच सर्टिफिकेशन मिला है. यह रोजाना फिटनेस ट्रैकिंग, हेल्थ मॉनिटरिंग और स्मार्ट फीचर्स के लिए बेहतर विकल्प हो सकती है.
एआई फीचर्स बनाएंगे स्मार्टवॉच को ज्यादा स्मार्ट
दोनों स्मार्टवॉच में सैमसंग हेल्थ असिस्टेंट का सपोर्ट दिया गया है. यह एआई आधारित फीचर यूजर के हेल्थ डेटा को समझकर आसान भाषा में सुझाव देता है.
इसमें स्लीप एपनिया डिटेक्शन, हार्ट हेल्थ स्कोर, डेली कार्डियो लोड, फिटनेस इंडेक्स, वाइटल्स ट्रैकिंग और हियरिंग प्रोटेक्शन जैसे फीचर्स मिलते हैं.
यह स्मार्टवॉच यूजर की नींद, दिल की सेहत, एक्सरसाइज और रिकवरी पर लगातार नजर रखती है और जरूरत पड़ने पर अलर्ट भी देती है.
किसे खरीदनी चाहिए गैलेक्सी वॉच अल्ट्रा 2 और किसे गैलेक्सी वॉच 9
अगर आप ट्रैकिंग, डाइविंग, एडवेंचर स्पोर्ट्स या ज्यादा आउटडोर एक्टिविटी करते हैं तो गैलेक्सी वॉच अल्ट्रा 2 आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है. इसकी मजबूत बॉडी, बड़ी बैटरी और एडवांस फीचर्स इसे प्रीमियम स्मार्टवॉच बनाते हैं.
वहीं अगर आपकी जरूरत रोजाना की फिटनेस ट्रैकिंग, कॉल नोटिफिकेशन, हेल्थ मॉनिटरिंग और स्टाइलिश डिजाइन तक सीमित है तो गैलेक्सी वॉच 9 ज्यादा बेहतर और किफायती विकल्प साबित हो सकती है.
