☰
TECHNOLOGY

13 साल का इंतजार खत्म, GTA 6 की रिलीज के साथ गेमिंग की दुनिया में मचा धमाल, रिव्यू में मिला शानदार रिस्पॉन्स

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): गेमिंग की दुनिया में कुछ गेम ऐसे होते हैं, जिनका इंतजार सिर्फ गेमर्स ही नहीं, बल्कि पूरी इंडस्ट्री करती है. GTA 6 भी उन्हीं में से एक है. करीब 13 साल के लंबे इंतजार, कई बार बदली गई रिलीज डेट और दो रिकॉर्डतोड़ ट्रेलर के बाद आखिरकार यह गेम चर्चा के केंद्र में है. इसकी दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई लोग इसे खेलने के लिए आधी रात तक जाग रहे हैं, तो कुछ ने ऑफिस से छुट्टी तक ले ली है. अब सबसे बड़ा सवाल है कि जिस गेम से लोगों को इतनी उम्मीदें थीं, क्या वह उन उम्मीदों पर खरा उतरा है, शुरुआती रिव्यू को देखकर तो ऐसा ही लगता है.

रिव्यू में गेमर्स और क्रिटिक्स को आया GTA 6 पसंद

GTA 6 को लेकर गेमिंग क्रिटिक्स की शुरुआती प्रतिक्रिया काफी अच्छी रही है. रिव्यू एग्रीगेटर वेबसाइट Metacritic पर इसे 100 में  ऐव्रिज 99 पॉइंट्स मिले हैं. वहीं, IGN ने गेम को शानदार बताया है. दूसरी ओर, Eurogamer ने इसे फाइव स्टार देते हुए कहा कि Rockstar Games ने एक बार फिर ग्राफिक्स और स्टोरीटेलिंग के मामले में गेमिंग की दुनिया में नया स्तर तय किया है.

हालांकि, हर कोई इसकी तारीफ नहीं कर रहा है. कुछ ऑनलाइन यूजर्स का मानना है कि GTA 6 को लेकर जरूरत से ज्यादा हाइप बनाई जा रही है. लेकिन शुरुआती रिव्यू में ज्यादातर क्रिटिक्स ने इसके गेमप्ले, ग्राफिक्स और कहानी की तारीफ की है.

Lucia और Jason की जोड़ी है कहानी का खास हिस्सा

इस बार GTA 6 में सबसे ज्यादा चर्चा इसके दो मेन किरदारों Jason और Lucia की हो रही है. खास बात यह है कि Lucia इस सीरीज की पहली महिला लीड कैरेक्टर है. Rockstar ने उसे केवल कहानी में मौजूद एक किरदार बनाकर नहीं रखा, बल्कि उसे पूरी कहानी में अहम जगह दी है.

दोनों के बीच का रिश्ता भी गेम को बाकी हिस्सों से अलग बनाता है. गेमिंग पत्रकारों के मुताबिक, दोनों किरदार काफी रियल लगते हैं. उनकी अपनी सोच, फैसले और कहानी में अलग-अलग भूमिका है. यही वजह है कि खिलाड़ियों को इस बार गेम से एक अलग अनुभव मिलने की उम्मीद है.

Leonida की दुनिया में मिलेगा नया अनुभव

GTA 6 की कहानी Leonida नाम के एक काल्पनिक अमेरिकी राज्य में सेट की गई है. यहां खिलाड़ियों को एक बड़ी ओपन वर्ल्ड मिलेगी, जहां वे अपनी मर्जी से घूम सकते हैं, अलग-अलग जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं और गेम की कहानी के साथ आगे बढ़ सकते हैं.

इस बार ग्राफिक्स पर भी काफी काम किया गया है. शहर की सड़कें, गाड़ियां, इमारतें और आसपास का माहौल काफी रियलिस्टिक बनाया गया है. समीक्षकों का कहना है कि गेम की दुनिया इतनी जीवंत है कि कई बार यह किसी असली जगह जैसी लगती है.

भारत में कितनी है GTA 6 की कीमत

भारत में GTA 6 के Standard Edition की कीमत 5,999 रुपये और Ultimate Edition की कीमत 7,499 रुपये बताई गई है. यह गेम PlayStation 5 और Xbox Series X/S पर उपलब्ध है. Standard Edition में मुख्य कहानी मिलेगी, जबकि Ultimate Edition में अतिरिक्त डिजिटल कंटेंट भी शामिल है.

गेम डाउनलोड करने के लिए 212 GB तक स्टोरेज की जरूरत पड़ सकती है. फिलहाल हिंदी भाषा का विकल्प भी उपलब्ध नहीं है. गेम की रेटिंग 18 साल और उससे अधिक उम्र के खिलाड़ियों के लिए है.

ट्रेलर से ही शुरू हो गया था रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला

GTA 6 की लोकप्रियता का अंदाजा इसके ट्रेलर के व्यूज से लगाया जा सकता है. दिसंबर 2023 में आए पहले ट्रेलर को शुरुआती 24 घंटे में YouTube पर 9.3 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे. वहीं, मई 2025 में रिलीज हुए दूसरे ट्रेलर ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर पहले 24 घंटे में 47.5 करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल किए.

बाजार विशेषज्ञों को भी इस गेम से काफी बड़ी कमाई की उम्मीद है. अनुमान है कि रिलीज के पहले सप्ताह में इसकी बिक्री 3.25 अरब से 5.2 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है.

फिलहाल GTA 6 ने रिलीज से पहले ही जिस तरह का माहौल बनाया है, उससे साफ है कि यह सिर्फ एक गेम नहीं, बल्कि गेमिंग इंडस्ट्री का बड़ा इवेंट बन चुका है. अब असली परीक्षा खिलाड़ियों के अनुभव और आने वाले दिनों में मिलने वाले रिस्पॉन्स की होगी.