TECHNOLOGY

WhatsApp का बड़ा प्राइवेसी अपडेट: अब बिना मोबाइल नंबर बताए करें चैट, सिर्फ Username से होगा कनेक्शन

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
WhatsApp का बड़ा प्राइवेसी अपडेट: अब बिना मोबाइल नंबर बताए करें चैट, सिर्फ Username से होगा कनेक्शन

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): अगर आप भी हर नए व्यक्ति के साथ अपना मोबाइल नंबर शेयर करने से बचना चाहते हैं, तो WhatsApp जल्द आपकी यह परेशानी खत्म करने वाला है. कंपनी ने एक ऐसा नया प्राइवेसी फीचर पेश किया है, जिसके बाद किसी से बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर देना जरूरी नहीं होगा. अब यूजर्स केवल अपने WhatsApp Username के जरिए नए लोगों से जुड़ सकेंगे, जिससे उनकी निजी जानकारी पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित रहेगी.

WhatsApp ने आधिकारिक तौर पर अपने नए Username फीचर की घोषणा कर दी है. इस फीचर के जरिए यूजर्स अपने फोन नंबर की जगह एक यूनिक यूजरनेम का इस्तेमाल करके चैट शुरू कर सकेंगे. यह सुविधा काफी हद तक टेलीग्राम की तरह काम करेगी, जहां मोबाइल नंबर साझा किए बिना भी बातचीत संभव होती है.

कंपनी के अनुसार, इस सप्ताह से यूजर्स अपने पसंदीदा यूजरनेम को रिजर्व कर सकेंगे. हालांकि यह फीचर चरणबद्ध तरीके से दुनिया भर में जारी किया जाएगा. जिन देशों में यह सुविधा उपलब्ध होगी, वहां WhatsApp ऐप के अंदर नोटिफिकेशन भेजकर इसकी जानकारी देगा.

क्या है WhatsApp Username फीचर?

अब तक WhatsApp पर किसी से संपर्क करने के लिए उसका मोबाइल नंबर सेव होना जरूरी था. लेकिन नए अपडेट के बाद यदि किसी यूजर ने अपना Username सेट कर लिया है, तो पहली बार संपर्क करने वाले व्यक्ति को उसका मोबाइल नंबर दिखाई नहीं देगा. इससे यूजर की गोपनीयता पहले से अधिक सुरक्षित रहेगी. कंपनी का कहना है कि कई बार लोग ऑफिस, कॉलेज, सोसायटी, बिजनेस या किसी इवेंट के दौरान नए लोगों से जुड़ना चाहते हैं, लेकिन अपना निजी मोबाइल नंबर साझा नहीं करना चाहते. ऐसे यूजर्स के लिए यह फीचर काफी उपयोगी साबित होगा.

यूजरनेम पहले से कर सकेंगे रिजर्व

WhatsApp के मुताबिक, उसके प्लेटफॉर्म पर दुनिया भर में 3 अरब से अधिक यूजर्स हैं. ऐसे में एक ही नाम चुनने की संभावना अधिक रहती है. इसी वजह से कंपनी ने Username Reservation की सुविधा शुरू की है, ताकि लोग अपनी पसंद का नाम पहले से सुरक्षित कर सकें. यदि आपको अपना यूजरनेम चुनने में परेशानी होती है, तो WhatsApp एक Username Generator भी उपलब्ध कराएगा. यह टूल आपकी पसंद के आधार पर कई सुझाव देगा, जिनमें से आप अपनी पसंद का नाम चुन सकते हैं. यह फीचर खास तौर पर कंटेंट क्रिएटर्स, इंफ्लुएंसर्स, छोटे कारोबारियों और संस्थाओं के लिए काफी फायदेमंद होगा. यदि उनके Instagram या Facebook पर पहले से कोई यूजरनेम है, तो वे उसी पहचान को WhatsApp पर भी इस्तेमाल कर सकेंगे, जिससे सभी Meta प्लेटफॉर्म पर उनकी एक जैसी ब्रांड पहचान बनी रहेगी.

WhatsApp ने साफ किया है कि यह फीचर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में नहीं बदलेगा. यहां किसी भी तरह की सार्वजनिक Username Directory नहीं होगी. यानी कोई भी व्यक्ति सिर्फ नाम खोजकर आपका प्रोफाइल नहीं ढूंढ सकेगा. किसी से संपर्क करने के लिए उसका सही Username पहले से पता होना जरूरी होगा.

यूजर्स की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए कंपनी Username Key नाम का एक अतिरिक्त सिक्योरिटी विकल्प भी ला रही है. यदि कोई यूजर इसे सक्रिय करता है, तो नए व्यक्ति को संपर्क करने के लिए सिर्फ Username ही नहीं, बल्कि Username Key की भी जरूरत पड़ सकती है. इससे अनजान लोगों के लिए संपर्क करना और अधिक सुरक्षित व नियंत्रित हो जाएगा.

कैसे मिलेगा WhatsApp Username?
जब यह फीचर आपके अकाउंट के लिए उपलब्ध होगा, तब आप Settings > Account > Username में जाकर अपना पसंदीदा Username चुन और रिजर्व कर सकेंगे. फिलहाल यह सुविधा सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है और आने वाले महीनों में इसे धीरे-धीरे वैश्विक स्तर पर रोलआउट किया जाएगा. WhatsApp का मानना है कि Username फीचर उसकी प्राइवेसी रणनीति का एक बड़ा कदम है. इसके आने के बाद यूजर्स को हर नए व्यक्ति के साथ अपना मोबाइल नंबर साझा करने की आवश्यकता नहीं होगी और वे पहले से अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से मैसेजिंग का अनुभव ले सकेंगे.