News

तेरी मेहरबानियां... फन फैलाये घर में घुस रहा था विशाल कोबरा, कुत्ते ने सीना तानकर रोका, फिर जो हुआ देखिये

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):जब भी वफ़ादारी की बात आती है, तो हर इंसान उसकी मिसाल एक कुत्ते से देता है. कहा जाता है कि कुत्ते से वफ़ादार दुनिया में कोई दूसरा जानवर नहीं है. आपने बॉलीवुड की फिल्म 'तेरी मेहरबानियां' जरूर देखी होगी, जिसमें जैकी श्रॉफ हीरो थे और उनका एक कुत्ता था. दोनों के बीच बचपन से ऐसी दोस्ती थी कि दोनों एक-दूसरे के लिए जान देने को तैयार थे. अंत में भी ऐसा ही होता है. मालिक की मौत के बाद कुत्ता उसके सभी दुश्मनों से बदला लेता है.आज हम आपको एक ऐसा वायरल वीडियो दिखाने जा रहे हैं, जिसे देखकर आपकी आंखें भर आएंगी. यह वीडियो बेहद भावनात्मक है, जिसमें एक कुत्ते ने अपने मालिक के घर की रक्षा के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की और लड़ते-लड़ते दम तोड़ दिया.

 कुत्ते ने सीना तानकर कोबरा को रोका

दरअसल, यह वीडियो एक काले कोबरा और एक कुत्ते के बीच की लड़ाई का है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फन फैलाए एक काला कोबरा घर में घुसने की कोशिश कर रहा है, लेकिन घर का कुत्ता उसे रोकने की पूरी कोशिश करता है. वह कोबरा को घर में घुसने नहीं देता. इसी दौरान संघर्ष में कोबरा कुत्ते को कई बार काट लेता है और करीब एक घंटे बाद कुत्ते की मौत हो जाती है.

टॉमी कोबरा को घर में नहीं घुसने देना चाह रहा था

बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार रात की है. रात के सन्नाटे में एक कोबरा घर के बाहर पहुंच जाता है. जैसे ही टॉमी की उस पर नजर पड़ती है, वह जोर-जोर से भौंकने लगता है. शुरुआत में घरवालों को समझ नहीं आता कि वह इतना बेचैन क्यों है और लगातार क्यों भौंक रहा है. लेकिन जब उसकी आवाज लगातार सुनाई देती रही, तो परिवार के लोग बाहर निकले. बाहर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए. घर के ठीक सामने एक विशाल कोबरा फन फैलाकर बैठा था और हमला करने के लिए तैयार था, जबकि टॉमी उसे रोकने की कोशिश कर रहा था.

परिवार को खतरे में देखकर टॉमी एक पल भी पीछे नहीं हटा

अपने परिवार को खतरे में देखकर टॉमी एक पल भी पीछे नहीं हटा और बिना अपनी जान की परवाह किए सीधे कोबरा से भिड़ गया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुत्ता पूरी ताकत से सांप का मुकाबला कर रहा है. वह एक पल के लिए भी उसे नहीं छोड़ रहा था, ताकि वह घर में घुस न सके. टॉमी अपने मुंह से कोबरा को पकड़कर बार-बार दूर फेंकने की कोशिश करता है, लेकिन कोबरा भी लगातार पलटवार करता रहता है. इस दौरान कोबरा ने टॉमी को कई बार डस लिया. दोनों के बीच काफी देर तक संघर्ष चलता रहा. आखिरकार टॉमी ने अपनी बहादुरी और हिम्मत के दम पर कोबरा को मार दिया. इससे परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली और बड़ा खतरा टल गया.हालांकि, दुख की बात यह रही कि जहरीले कोबरा के कई बार काटने से जहर टॉमी के शरीर में फैल गया. करीब एक घंटे बाद टॉमी ने भी दम तोड़ दिया.

टॉमी की मौत के बाद सदमे में है पूरा परिवार 

टॉमी की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है. जिस कुत्ते ने सालों तक घर की रखवाली की और आखिर तक अपने परिवार की सुरक्षा के लिए लड़ता रहा, उसने अपनी जान कुर्बान कर दी. परिवार वालों के लिए वह सिर्फ एक कुत्ता नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य था. अंतिम समय में भी वह एक हीरो की तरह लड़ा और संघर्ष करते हुए अपनी जान दे दी.सोशल मीडिया पर टॉमी का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. लोग उसकी बहादुरी को सलाम कर रहे हैं, वहीं उसकी वफ़ादारी की भी मिसाल दे रहे हैं.