SPORTS

Women Youth Hockey Championship 2026: हॉकी इंडिया ने 15 सदस्यीय सब जूनियर टीम का किया चयन

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
Women Youth Hockey Championship 2026:  हॉकी इंडिया ने 15 सदस्यीय सब जूनियर टीम का किया चयन

टीनपी डेस्क (TNP DESK): हॉकी इंडिया ने महिला यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 की तैयारियां शुरू हो चुकी है. जिसके तहत 15 सदस्यीय सब जूनियर महिला समूह की घोषणा कर दी है. चयनित खिलाड़ी वर्तमान में मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी, भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रही हैं. यह शिविर 4 जुलाई से शुरू होकर 18 जुलाई 2026 तक चलेगा. पूर्व भारतीय कप्तान और सब जूनियर महिला टीम की कोच रानी की देखरेख में खिलाड़ियों को हॉकी5एस के तेज प्रारूप के अनुसार तैयार किया जा रहा है. इस टीम को आगामी महिला यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप में हिस्सा लेना है, जिसका आयोजन ओमान के मस्कट में होगा. भोपाल पिछले कुछ वर्षों में हॉकी के महत्वपूर्ण हाई परफॉर्मेंस सेंटर के रूप में उभरा है, जहां पहले भी कई राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं.

आपको बता दें, कोच रानी ने कहा कि महिला यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर है. उन्होंने बताया कि पहली बार सब जूनियर टीम इस तरह की प्रतियोगिता में भाग ले रही है, इसलिए खिलाड़ियों को हॉकी5एस के अलग प्रारूप को समझाने के साथ-साथ उनकी बुनियादी तकनीक, फिटनेस और रणनीतिक समझ को भी मजबूत किया जा रहा है. रानी ने इस शिविर के सफल आयोजन के लिए मध्य प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर भारतीय हॉकी के भविष्य को मजबूत बनाने और जमीनी स्तर पर नई प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. हॉकी इंडिया का उद्देश्य लगातार ऐसी प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है.

इससे पहले अंडर-18 एशिया कप 2026 की तैयारी के लिए भी राष्ट्रीय शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक जीता था. महिला यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप की तैयारी के लिए चयनित खिलाड़ियों में रश्मीन कौर, रूबीना बक्सला, नैन्सी सरोहा, पुष्पा मांझी, खिली कुमारी, किरण एक्का, स्वीटी कुजूर, स्नेहा दावड़े, नौशीन नाज़, श्रुति कुमारी, नीलम टोपनो, प्रियंका मिंज, दिया, संदीपा कुमारी और महक परिहार शामिल हैं.