☰
SPORTS

WPL मिनी ऑक्शन में किस टीम ने मारी बाजी, किसकी टीम दिख रही सबसे मजबूत?

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): WPL 2027 के मिनी ऑक्शन में पांचों फ्रेंचाइजी ने अपनी जरूरत और स्‍ट्रैटजी के हिसाब से खिलाड़ियों पर दांव लगाया. किसी टीम ने बल्लेबाजी मजबूत करने पर जोर दिया, तो किसी ने ऑलराउंडर्स और गेंदबाजों के ऑप्शन बढ़ाए. UP वॉरियर्ज ने कई ऑलराउंडर्स को अपने साथ जोड़ा, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपनी चैंपियन टीम के मेन खिलाड़ियों पर भरोसा कायम रखा. वहीं, मुंबई इंडियंस ने भारतीय खिलाड़ियों को अधिक मौके देने के लिए अपने स्क्वॉड में नए चेहरे शामिल किए.

लेकिन ऑक्शन में अच्छे खिलाड़ियों को खरीदना ही खिताब जीतने की गारंटी नहीं है. असली परीक्षा टूर्नामेंट के दौरान होगी, जब टीमों को सही प्लेइंग इलेवन चुनने, खिलाड़ियों के बीच तालमेल बनाने और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत पड़ेगी.

UP वॉरियर्ज ने ऑलराउंडर्स पर लगाया बड़ा दांव

पिछले सीजन में पॉइंट टेबल में आखिरी स्थान पर रहने वाली यूपी वॉरियर्ज ने इस बार अपनी टीम को नए सिरे से मजबूत करने की कोशिश की. फ्रेंचाइजी ने सोफी मोलिन्यू को 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा. इसके अलावा ग्रेस हैरिस, स्नेह राणा, आशा शोभना और सुषमा वर्मा को भी टीम में जगह दी.

Rcb को अपने चैंपियन खिलाड़ियों से उम्मीद

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपनी मजबूत टीम को बरकरार रखते हुए कुछ नए खिलाड़ियों को शामिल किया. जेस जोनासन, तेजल हसबनिस, क्लो ट्रायन और वृंदा दिनेश को खरीदकर टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी के ऑप्शन बढ़ाए.

दिल्ली कैपिटल्स को खिताब का इंतजार

दिल्ली कैपिटल्स ने भारतीय बल्लेबाज किरण नवगिरे को 75 लाख रुपये में खरीदकर अपनी बल्लेबाजी में आक्रामकता जोड़ने की कोशिश की. शेफाली वर्मा, लौरा वोल्वार्ट और जेमिमा रोड्रिग्स की मौजूदगी टीम के शीर्ष क्रम को मजबूत बनाती है. वहीं, मारिजाने कैप और एनाबेल सदरलैंड जैसे ऑलराउंडर्स टीम को एक्स्ट्रा ऑप्शन देते हैं.

गुजरात जायंट्स ने कम खर्च में बढ़ाए ऑप्शन

गुजरात जायंट्स ने जी कमालिनी, ऑर्ला प्रेंडरगास्ट और समायरा राघव को खरीदने पर कुल 80 लाख रुपये खर्च किए. बेथ मूनी, एश्ले गार्डनर और सोफी डिवाइन जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के कारण टीम के पास बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अच्छे विकल्प हैं.

मुंबई इंडियंस ने भारतीय खिलाड़ियों पर जताया भरोसा

मुंबई इंडियंस ने मिनी ऑक्शन में छह भारतीय खिलाड़ियों को खरीदकर अपने विकल्प बढ़ाए. श्वेता सहरावत को 20 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया, जबकि दिशा कासट, लतिका इनामदार, भारती रावल, सानिका चालके और अक्षिता भगत को 10-10 लाख रुपये में खरीदा गया.

किस टीम ने मारी बाजी

ऑक्शन के हिसाब से देखें तो rcb का मजबूत कोर उसे ट्रॉफी का प्रबल दावेदार बनाता है. मुंबई इंडियंस के पास अनुभवी ऑलराउंडर्स और भारतीय खिलाड़ियों का अच्छा मिक्स्चर है. यूपी वॉरियर्ज ने अपने पिछले प्रदर्शन में सुधार करने के लिए कई उपयोगी ऑप्शन जुटाए हैं, जबकि दिल्ली और गुजरात भी अपनी रणनीति के दम पर मुकाबले को दिलचस्प बना सकती हैं.

आखिरकार, सबसे मजबूत टीम वही साबित होगी जो पूरे टूर्नामेंट में अच्छा खेलेगी. खिलाड़ियों की फॉर्म, सही काम्बनैशन और दबाव में प्रदर्शन ही तय करेंगे कि wpl 2027 की ट्रॉफी किसके नाम होती है.

TagsSPORTS