टीनपी डेस्क (TNP DESK): नई दिल्ली में 18 अक्टूबर 2026 को होने वाली 21वीं वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के लिए दुनिया के दिग्गज धावकों का स्टार-स्टडेड एलीट फील्ड तैयार हो गया है. वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस में इस बार कुल 36 शीर्ष अंतरराष्ट्रीय एथलीट हिस्सा लेंगे, जिनमें 18 पुरुष और 18 महिला धावक शामिल हैं. पुरुष वर्ग में इथियोपिया के दो बार के चैंपियन बिरहानु लेगेसे सबसे तेज धावक के तौर पर उतरेंगे. उनका पर्सनल बेस्ट 58:59 है. वहीं महिलाओं में केन्या की इरिन चेपटाई मुख्य दावेदार होंगी, जिनका पर्सनल बेस्ट 64:53 है. प्रतियोगिता में कुल 2,75,732 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि दांव पर होगी, जबकि पुरुष और महिला वर्ग के विजेता को 27,000 डॉलर मिलेंगे.
लेगेसे को इस बार सात ऐसे धावकों से कड़ी चुनौती मिलेगी, जिनका पर्सनल बेस्ट 60 मिनट से कम है. इनमें केन्या के चार्ल्स माताता प्रमुख नाम हैं, जो 2023 में दिल्ली हाफ मैराथन के उपविजेता रहे थे और इस साल इस्तांबुल हाफ मैराथन में भी दूसरे स्थान पर रहे. इथियोपिया के डेरिबा टेस्फाये और मेलाकु बेलाचेव भी मजबूत दावेदार हैं. टेस्फाये ने रॉटरडैम मैराथन में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि बेलाचेव ने 2026 हांगकांग मैराथन का खिताब जीता. बिरहानु लेगेसे ने दिल्ली लौटने पर खुशी जताते हुए कहा कि पिछले साल वह पोडियम से मामूली अंतर से चूक गए थे और इस बार इसकी भरपाई करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली में दौड़ना हमेशा सुखद अनुभव रहा है और वह रेस से पहले शानदार फॉर्म हासिल करना चाहते हैं.
महिला वर्ग में 2022 की विजेता इरिन चेपटाई के सामने खिताब हासिल करने की बड़ी चुनौती होगी. उनके अलावा पिछले साल की रजत पदक विजेता इथियोपिया की मेलाल सियूम बिराटु और 2024 की उपविजेता सिंथिया लिमो भी मैदान में होंगी. इजरायल के लिए प्रतिस्पर्धा करने वाली केन्या में जन्मी लोना चेमताई सालपेटर भी खिताब की दौड़ में बड़ा उलटफेर कर सकती हैं. सालपेटर ने 2022 वर्ल्ड एथलेटिक्स हाफ मैराथन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था. इरिन ने कहा कि दिल्ली में कई युवा धावक चुनौती देंगे, लेकिन यहां दौड़ने का अनुभव उन्हें फायदा देगा और वह दूसरी बार खिताब जीतने के लिए पूरी ताकत लगाएंगी. प्रोकेम इंटरनेशनल के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता का एलीट फील्ड इसकी वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाता है और इस बार भी धावकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी.
