SPORTS

Asian Games से पहले भारतीय दल में बड़ा बदलाव, 3 खिलाड़ी हुए बाहर, अब 74 एथलीट दिखाएंगे दम

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): एशियन गेम्स में मेडल की उम्मीद लगाए भारत को मुकाबले शुरू होने से पहले ही बड़ा झटका लगा है. कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीत चुके युवा वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह चोट के कारण एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं. उनके हटने के साथ ही पुरुष वेटलिफ्टिंग में भारत की चुनौती भी खत्म हो गई है. वहीं एथलेटिक्स टीम से लॉन्ग जम्पर शाहनवाज खान और 4x100 मीटर रिले टीम में चुनी गईं निथ्या गंधे को भी बाहर कर दिया गया है. इन बदलावों के बाद भारतीय एथलेटिक्स टीम अब 74 खिलाड़ियों की रह गई है.

घुटने की चोट ने रोका ऋषिकांत का रास्ता

21 साल के ऋषिकांत सिंह 60 KG वेट कैटेगरी में हिस्सा लेते हैं. जुलाई में ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स से करीब एक सप्ताह पहले उनके घुटने में चोट लगी थी. चोट के बावजूद ऋषिकांत ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता.

उम्मीद थी कि वह एशियन गेम्स तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे. लेकिन हाल में हुए मेडिकल असेसमेंट के बाद डॉक्टरों ने उन्हें करीब एक महीने तक रिहैब करने की सलाह दी है. इसके बाद उन्हें एशियन गेम्स से बाहर रखने का फैसला लिया गया.

अब चार महिला वेटलिफ्टर्स संभालेंगी मोर्चा

ऋषिकांत के बाहर होने के बाद भारतीय वेटलिफ्टिंग टीम में केवल चार महिला खिलाड़ी बची हैं. टोक्यो ओलिंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई चानू 49 KG वर्ग में उतरेंगी. इसके अलावा ज्ञानेश्वरी यादव 53 किग्रा, निरुपमा देवी 61 KG और हरजिंदर कौर 69 KG वर्ग में भारत को रेप्रिज़ेन्ट करेंगी.

शाहनवाज खान भी नहीं जाएंगे जापान

18 साल के लॉन्ग जम्पर शाहनवाज खान को भी भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया है. शाहनवाज ने जून में नेशनल इंटर-स्टेट चैंपियनशिप में 8.30 मीटर की छलांग लगाकर प्रभावित किया था. अगस्त में उन्होंने वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप में 7.84 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल भी जीता था.

हालांकि वह चोट से परेशान चल रहे थे. इंडियन एथलेटिक्स सीरीज फाइनल में शाहनवाज 7.43 मीटर ही छलांग लगा सके और छठे स्थान पर रहे. उनकी फिटनेस और हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें टीम से हटाया गया.

निथ्या की जगह हारिता को मिल सकता है मौका

4x100 मीटर रिले टीम में शामिल निथ्या गंधे भी अब एशियन गेम्स में नहीं खेलेंगी. ट्रायल में निथ्या ने 100 मीटर की रेस 11.93 सेकंड में पूरी की और नौवें स्थान पर रहीं.

उनकी जगह हारिता भद्रा को रिले टीम में शामिल किया जा सकता है. हारिता ने ट्रायल में 11.22 सेकंड का समय निकालकर 100 मीटर रेस जीती थी.

चार एथलीटों को मिली राहत

खिलाड़ियों के बाहर होने के बीच भारत के लिए राहत की खबर भी आई है. नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हाइट जम्पर सर्वेश कुशारे, ट्रिपल जम्पर प्रवीण चित्रावेल, 100 मीटर हर्डल्स की ज्योति याराजी और 400 मीटर हर्डल्स के यशस पालाक्षा को मेडिकल क्लीयरेंस मिल गया है.

अब 74 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स दल शनिवार को नई दिल्ली से जापान के लिए रवाना होगा. टीम पहले टोक्यो के पास त्सुकुबा यूनिवर्सिटी में छोटे अनुकूलन शिविर में हिस्सा लेगी. इसके बाद भारतीय खिलाड़ी 21 सितंबर को आयची-नागोया पहुंचेंगे.