SPORTS

Junior Men's Hockey Team: बेल्जियम दौरे के लिए 22 सदस्यीय भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम घोषित, अनमोल एक्का संभालेंगे कप्तानी

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीनपी डेस्क(TNP DESK): हॉकी जगत से बड़ी खबर सामने आई है जहां हॉकी इंडिया ने मंगलवार को बेल्जियम के आगामी एक्सपोजर दौरे के लिए 22 सदस्यीय भारतीय जूनियर (U-21) पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है. 5 से 18 जुलाई 2026 तक होने वाला यह दौरा नए नियुक्त मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज़ के मार्गदर्शन में टीम का पहला असाइनमेंट होगा. यह दौरा इसी साल होने वाले एफआईएच (FIH) हॉकी पुरुष जूनियर एशिया कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस दौरे पर भारतीय युवा टीम यूरोप की सबसे मजबूत टीमों का सामना करेगी, जिसमें ऑस्ट्रिया और बेल्जियम के खिलाफ दो-दो मैच और जर्मनी व नीदरलैंड्स के खिलाफ एक-एक मैच शामिल है.

दौरे के लिए डिफेंडर अनमोल एक्का को टीम की कमान (कप्तानी) सौंपी गई है. टीम की गोलकीपिंग की जिम्मेदारी विवेक लाकड़ा और कुणाल तेवतिया पर होगी. रक्षापंक्ति (डिफेंस) में कप्तान अनमोल एक्का के साथ रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, प्रशांत बारला, संजीत तिर्की और वी. मणिमरण शामिल हैं. मिडफील्ड में एड्रोहित एक्का, हरपाल, जीतपाल, मुकेश टोप्पो, मन्नू मलिक और रितिक लाकड़ा खेल को नियंत्रित करेंगे. वहीं, फॉरवर्ड लाइन में अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, अर्जुन हरगुड़े, आर्यन खेस, लवमूर सिंह, मो. कोनैन दाद और गुरुसेवक सिंह गोल दागने की जिम्मेदारी संभालेंगे.

खास बात यह है कि इस टीम के चार प्रमुख सदस्य—अनमोल एक्का, एड्रोहित एक्का, अजीत यादव और रोहित कुल्लू उस भारतीय टीम का हिस्सा थे जिसने एफआईएच पुरुष जूनियर विश्व कप तमिलनाडु 2025 में कांस्य पदक जीता था. टीम की घोषणा पर कोच फ्रेडरिक सोयेज़ ने कहा कि यह दौरा खिलाड़ियों के खेल और रणनीतिक अनुशासन में सुधार करने के साथ-साथ उनके भीतर एकजुटता और आत्मविश्वास को मजबूत करेगा. भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 और 8 जुलाई को ऑस्ट्रिया के खिलाफ करेगा. इसके बाद टीम 10 जुलाई को बेल्जियम, 13 जुलाई को जर्मनी, 14 जुलाई को दोबारा बेल्जियम और 17 जुलाई को नीदरलैंड्स से भिड़ेगी

TagsSPORTS