टीनएपी डेस्क(TNP DESK): भारत ने पैरा एशियन गेम्स में तीसरे दिन भी शानदार प्रदर्शन किया. बुधवार को भारतीय खिलाड़ियों ने 5 गोल्ड, 8 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज समेत कुल 18 मेडल अपने नाम किए. इस प्रदर्शन के साथ भारत के टोटल मेडल 53 हो गई है. भारत के खाते में अब 14 गोल्ड, 17 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज मेडल हैं. मेडल टैली में भारतीय टीम चौथे स्थान पर पहुंच गई है.
प्रवीण कुमार ने बनाया नया रिकॉर्ड
पुरुषों की हाई जंप T64 काम्पिटिशन में प्रवीण कुमार ने 2.05 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता. इसके साथ ही उन्होंने अपने पिछले गेम्स रिकॉर्ड 2.02 मीटर को भी पीछे छोड़ दिया. इसी काम्पिटिशन में बंटी ने 1.92 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया.
सचिन खिलारी ने गोल्ड पर जमाया कब्जा
शॉटपुट F46 काम्पिटिशन में सचिन खिलारी ने अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखा. इस मुकाबले में भारत का दबदबा देखने को मिला. मोहम्मद यासेर ने सिल्वर और प्रवीण ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. इस तरह भारत ने एक ही ईवेंट में तीनों पदक अपने नाम कर लिए.
आयुष वर्मा ने भी जीता गोल्ड
पुरुषों की शॉटपुट F53 काम्पिटिशन में आयुष वर्मा ने 8.16 मीटर का थ्रो करके गोल्ड मेडल जीता. यह इस प्रतियोगिता में उनका दूसरा मेडल है. इससे पहले वह ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुके हैं. ईरान के अलीरेजा हेमामी ने 8.09 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर, जबकि कजाकिस्तान के मखाम्बेट सेरिक्कलीयेव ने 6.81 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.
ट्रैक इवेंट में भी भारतीय खिलाड़ियों का जलवा
महिलाओं की 100 मीटर T12 रेस में सिमरन शर्मा ने गोल्ड मेडल जीता. पुरुषों की 100 मीटर T45 रेस में दिलीप गावित ने गोल्ड और मोहम्मद बासिल ने सिल्वर अपने नाम किया. वहीं, पुरुषों की 100 मीटर T64 रेस में प्रणव देसाई को ब्रॉन्ज मेडल मिला. महिलाओं की 100 मीटर T35 रेस में प्रीति पाल ने सिल्वर और पुरुषों की इसी कैटेगरी की रेस में अनुभव चौधरी ने ब्रॉन्ज जीता. राकेश भट्ट ने पुरुषों की 100 मीटर T37 रेस में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.
तीरंदाजी, पावरलिफ्टिंग और जैवलिन में भी पदक
पैरा कंपाउंड महिला डबल्स के फाइनल में शीतल देवी और पायल नाग की जोड़ी को चीन के खिलाफ 150-141 से हार का सामना करना पड़ा. भारतीय जोड़ी ने सिल्वर मेडल जीता. महिला पावरलिफ्टिंग के 67 किलोग्राम वर्ग में कस्तूरी राजमणि ने सिल्वर हासिल किया. पुरुषों के जैवलिन थ्रो F12/F13 में मनजीत और महिलाओं के शॉटपुट F34 में भाग्यश्री जाधव ने सिल्वर मेडल जीता.
इसके अलावा पुरुषों के शॉटपुट F40 में रवि रोंगाली ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. बैडमिंटन के महिला डबल्स WH1-WH2 मुकाबले में अल्फिया जेम्स और पल्लवी के. की जोड़ी ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया. तीसरे दिन के इन नतीजों ने भारत की मेडल टैली को और मजबूत कर दिया है.