☰
SPORTS

एशियन गेम्स में भारत का गोल्डन डे, जानिए एक के बाद एक आए कितने गोल्ड

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK); एशियन गेम्स में आज का दिन भारत के लिए गोल्डन डे बन गया है. भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक मेडल अपने नाम किए. खास बात यह रही कि भारत ने सिर्फ एक मिनट के अंदर दो गोल्ड मेडल जीतकर सब का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

एक मिनट में दो गोल्ड से मचा धमाल

सबसे पहले रेसलिंग में सुजीत कलकल ने पुरुषों के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में गोल्ड जीता. फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. सुजीत एक समय ताजिकिस्तान के अब्दुलमाजिद कुडिएव से 2-9 से पीछे चल रहे थे. मुकाबला खत्म होने में सिर्फ करीब डेढ़ मिनट का समय बचा था. यहां से सुजीत ने ऐसी वापसी की कि पूरा मैच ही पलट गया. उन्होंने लगातार टेकडाउन किए और आखिरी 11 सेकंड में जरूरी दो अंक हासिल कर 10-9 से मुकाबला अपने नाम कर लिया.

सुजीत से ठीक एक मिनट बाद बॉक्सिंग रिंग में अंकुश पंघाल ने भी भारत के लिए गोल्ड जीत लिया. पुरुषों के 80 किग्रा फाइनल में अंकुश ने दक्षिण कोरिया के किम मिन-सियोंग को 4-0 से हराया. इस जीत के साथ वह 2018 में अमित पंघाल के बाद एशियन गेम्स में बॉक्सिंग का गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष मुक्केबाज बन गए.

परवीन हुड्डा ने भी जीता गोल्ड

लेकिन भारत के लिए गोल्ड की कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. इससे पहले महिला बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने 65 किग्रा वर्ग में गोल्ड जीता. उन्होंने फाइनल में चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को 3-2 से हराया. यह जीत परवीन के लिए खास रही, क्योंकि पिछले एशियाई खेलों में जीता उनका ब्रॉन्ज बाद में डोपिंग नियमों से जुड़े मामले के कारण छिन गया था. इस बार उन्होंने शानदार वापसी करते हुए सीधे गोल्ड अपने नाम किया.

जन्मदिन पर लवलीना का गोल्डन पंच

भारत को दिन का एक और बड़ा गोल्ड लवलीना बोरगोहेन ने दिलाया. 75 किग्रा वर्ग के फाइनल में लवलीना ने चीन की बाओ जियी को 5-0 से हराया. खास बात यह है कि आज लवलीना का जन्मदिन भी है. यानी उन्होंने अपने जन्मदिन पर देश के लिए गोल्ड जीतकर इसे यादगार बना दिया.

लवलीना की जीत इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले एशियन गेम्स में उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था. इस बार उन्होंने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए फाइनल में शानदार बॉक्सिंग की और सर्वसम्मत फैसले से मुकाबला जीत लिया.

बॉक्सिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन

इसके साथ ही भारतीय बॉक्सिंग टीम ने एशियन गेम्स में अपना सबसे शानदार गोल्ड प्रदर्शन किया है. भारत ने बॉक्सिंग में कुल 6 मेडल जीते हैं, जिसमें 3 गोल्ड और 3 ब्रॉन्ज शामिल हैं.

तीरंदाजी में भी भारत का दबदबा

तीरंदाजी में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा. महिला रिकर्व टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर गोल्ड जीता. अंकिता भगत, कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोड़ की तिकड़ी ने भारत को यह सफलता दिलाई. इसके अलावा पुरुष रिकर्व टीम ने सिल्वर और मिक्स्ड रिकर्व टीम ने भी सिल्वर मेडल अपने नाम किया.

सेपकटकरॉ में भारतीय पुरुष टीम ने सेमीफाइनल में हार के बावजूद ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. वहीं सेलिंग में नेथरा कुमानन ने भी ब्रॉन्ज जीता.

मेडल टैली में पांचवें नंबर पर भारत

इन शानदार नतीजों के बाद भारत के एशियन गेम्स में 15 गोल्ड मेडल हो गए हैं और मेडल टैली में भारत पांचवें स्थान पर पहुंच गया है.

शुक्रवार को भारत के लिए गोल्ड की बारिश हुई है. बॉक्सिंग, रेसलिंग और तीरंदाजी में भारतीय खिलाड़ियों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे एशियन गेम्स में भारत का अभियान और भी मजबूत होता नजर आ रहा है.

TagsSPORTS