SPORTS

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का गोल्डन धमाका! बॉक्सिंग में 7 गोल्ड, कुल 8 स्वर्ण से रचा इतिहास

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन भारत ने अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन किया. भारतीय खिलाड़ियों ने शनिवार को 8 गोल्ड मेडल अपने नाम किए. इनमें 7 गोल्ड बॉक्सिंग से आए, जबकि एक स्वर्ण पैरा शॉटपुट में मिला. इसके साथ ही भारत ने पहली बार किसी एक कॉमनवेल्थ गेम्स में बॉक्सिंग में 7 गोल्ड जीतकर नया इतिहास रच दिया. इसके अलावा ट्रैक एंड फील्ड, पैरा एथलेटिक्स, ट्रिपल जंप और जूडो में भी भारत के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया.

बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाजों का दबदबा

भारतीय महिला और पुरुष बॉक्सरों ने फाइनल मुकाबलों में शानदार खेल दिखाया. महिलाओं में प्रीति पवार, जैस्मिन लांबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास और अरुंधति चौधरी ने अपने-अपने वर्ग में गोल्ड मेडल जीते. पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने स्वर्ण पदक हासिल किया. वहीं लवलीना बोरगोहेन, जादुमणि और नरेंद्र बेरवाल को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा.

अंकुश और सचिन ने रोमांचक मुकाबले जीते

पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अंकुश पंघाल ने इंग्लैंड के डिमेजी शिट्टू को 4-1 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया. उन्होंने शुरुआत से ही मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा.

60 किलोग्राम वर्ग में सचिन सिवाच ने नामीबिया के ट्राईगेन मॉर्निंग नडेवेलो को 3-2 से हराया. दूसरे राउंड में पेनल्टी मिलने के बावजूद सचिन ने आखिरी राउंड में दमदार वापसी की. अंतिम क्षणों में लगाए गए उनके जोरदार पंच ने मुकाबले का रुख बदल दिया और उन्हें गोल्ड दिलाया.

महिला बॉक्सरों ने भी दिखाया दम

70 किलोग्राम वर्ग में अरुंधति चौधरी ने इंग्लैंड की कैंथले रीड को 5-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की. 60 किलोग्राम वर्ग में प्रिया घंघास ने कड़े मुकाबले में 4-1 से जीत हासिल की.

51 किलोग्राम वर्ग में साक्षी चौधरी ने इंग्लैंड की खिलाड़ी को 5-0 से हराया. उन्होंने पूरे मुकाबले में बेहतरीन रणनीति और सटीक पंचों के दम पर जीत दर्ज की.

54 किलोग्राम वर्ग में हरियाणा की प्रीति पवार ने कनाडा की स्कार्लेट डेलगाडो को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराया. वहीं 57 किलोग्राम वर्ग में जैस्मिन लांबोरिया ने उत्तरी आयरलैंड की मिशेला वॉल्श को 5-0 से मात देकर गोल्ड जीता.

तीन भारतीयों को मिला सिल्वर

ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन 70 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री से 1-4 से हार गईं. जादुमणि भी फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के डिक्सन से हारकर सिल्वर पर रुके. वहीं 90 प्लस किलोग्राम वर्ग में नरेंद्र बेरवाल इंग्लैंड के डेमर थॉमस के खिलाफ मुकाबला नहीं जीत सके और उन्हें भी रजत पदक मिला.

पैरा एथलेटिक्स और ट्रैक में भी सफलता

पैरा शॉटपुट की F-57 कैटेगरी में सोमन राणा ने 13.40 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल जीता. भारत के शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर थ्रो के साथ सिल्वर हासिल किया.

पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. उन्होंने 13 मिनट 24.95 सेकेंड का समय निकाला. इसके साथ ही गुलवीर कॉमनवेल्थ गेम्स के एक ही संस्करण में 5000 और 10000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले पहले भारतीय धावक बन गए.

ट्रिपल जंप और जूडो में भी पदक

पुरुष ट्रिपल जंप में भारत के प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता. वहीं सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया.

जूडो की महिला 63 किलोग्राम स्पर्धा में उन्नति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोस्टर को केवल 1 मिनट 7 सेकेंड में हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता.

कुछ खिलाड़ियों को मिली निराशा

पैरा एथलेटिक्स की पुरुष 1500 मीटर T54 स्पर्धा में रमेश शनमुगम सातवें स्थान पर रहे. वहीं महिला 10,000 मीटर रेस वॉक में भारत की रवीना गायकवाड़ को नियमों के उल्लंघन के कारण डिस्क्वालिफाई कर दिया गया.

भारत के लिए 10वां दिन ऐतिहासिक साबित हुआ. खासकर बॉक्सिंग में रिकॉर्ड 7 गोल्ड जीतकर भारतीय खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया और पदक तालिका में भारत की स्थिति को और मजबूत बनाया.

TagsSPORTS