SPORTS

8 मिनट में भारत के धुरंधरों ने पलट दिया गेम,पाकिस्तान को Hockey U18 Mens Asia Cup में धूल चटा कर फाइनल में पहुंची टीम

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है. जापान के काकामिगाहारा में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में एक समय भारतीय टीम पीछे चल रही थी, लेकिन अंतिम मिनटों में जबरदस्त वापसी करते हुए जीत अपने नाम कर ली.

मैच की शुरुआत से ही भारत ने आक्रामक खेल दिखाया. पहले क्वार्टर के आखिरी क्षणों में टीम को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिस पर पूर्ति आशीष टानी ने 12वें मिनट में गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. हालांकि दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने वापसी करते हुए 27वें मिनट में आदिल के फील्ड गोल की मदद से स्कोर 1-1 कर दिया. तीसरे क्वार्टर में मुकाबला और रोमांचक हो गया. भारत के लिए 35वें मिनट में शाहरुख अली ने शानदार गोल कर टीम को फिर बढ़त दिलाई, लेकिन पाकिस्तान ने सिर्फ दो मिनट बाद मुहम्मद फरहान असलम के गोल से स्कोर 2-2 कर दिया.

इसके बाद 42वें मिनट में पाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे उजैर अहमद कुरैशी ने गोल में बदलते हुए अपनी टीम को पहली बार 3-2 की बढ़त दिला दी. 48वें मिनट तक पाकिस्तान जीत की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने मैच का पूरा रुख बदल दिया. भारत के स्टार खिलाड़ी पूर्ति आशीष टानी ने 49वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर बराबर किया. इसके बाद उन्होंने 53वें और 56वें मिनट में लगातार दो और गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 5-3 की शानदार जीत दिला दी.

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अंडर-18 हॉकी एशिया कप के इतिहास में तीसरी बार फाइनल में प्रवेश किया है. इससे पहले भारत ने 2001 में टूर्नामेंट का पहला संस्करण जीता था और 2016 में भी खिताब अपने नाम किया था. अब फाइनल में भारत का मुकाबला मेजबान जापान से होगा. भारतीय टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है और एक बार फिर एशियाई चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगी.

TagsSPORTS