SPORTS

लंदन स्क्वॉश क्लासिक में भारत का जलवा, अनाहत सिंह और रमित टंडन प्री-क्वार्टर फाइनल में

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): लंदन में खेले जा रहे लंदन स्क्वॉश क्लासिक में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. भारत की युवा स्टार अनाहत सिंह और अनुभवी खिलाड़ी रमित टंडन ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है. दोनों खिलाड़ियों ने सीधे दो गेम में जीत दर्ज की. हालांकि, भारत के वीर चोतरानी को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा. विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर मौजूद अनाहत सिंह ने मिस्र की 30वीं रैंकिंग वाली मरियम मेटवाली को एकतरफा अंदाज में मात दी. अनाहत ने यह मुकाबला महज 11 मिनट में 11-3, 11-2 से अपने नाम किया. शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ी ने आक्रामक खेल दिखाया और अपनी प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया.

अनाहत की शानदार जीत, अब नेले गिलिस से मुकाबला

अनाहत सिंह ने पहले गेम में 11-3 से जीत हासिल कर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली. दूसरे गेम में उनका दबदबा और भी ज्यादा नजर आया. उन्होंने मरियम को सिर्फ दो अंक लेने दिए और 11-2 से गेम जीतकर मैच अपने नाम कर लिया.

अब प्री-क्वार्टर फाइनल में अनाहत के सामने बेल्जियम की 11वीं रैंकिंग वाली खिलाड़ी नेले गिलिस होंगी. दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला गुरुवार को खेला जाएगा. अनाहत के लिए यह मुकाबला आसान नहीं होगा, क्योंकि गिलिस विश्व की शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं. अनाहत पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में हैं. उन्होंने हाल ही में जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब जीतकर भारतीय स्क्वॉश में बड़ी उपलब्धि हासिल की थी. वह जूनियर वर्ल्ड चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं. ऐसे में लंदन स्क्वॉश क्लासिक में उनके प्रदर्शन पर भी सभी की नजरें हैं.

पुरुष वर्ग में रमित टंडन ने भी जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई. विश्व रैंकिंग में 42वें स्थान पर मौजूद रमित ने कतर के अब्दुल्ला अल-तमीमी को 11-6, 11-7 से हराया. करीब 20 मिनट चले इस मुकाबले में रमित ने दोनों गेम में बढ़त बनाए रखी और मैच को सीधे दो गेम में खत्म कर दिया. प्री-क्वार्टर फाइनल में रमित के सामने मिस्र में जन्मे और अब इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करने वाले मोहम्मद एलशोरबागी की चुनौती होगी. एलशोरबागी टूर्नामेंट में आठवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं. दोनों के बीच मुकाबला बुधवार को खेला जाना है.

वीर चोतरानी को मिली हार

भारत के वीर चोतरानी के लिए टूर्नामेंट का पहला मुकाबला निराशाजनक रहा. विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान पर मौजूद वीर को स्विट्जरलैंड के यैनिक विल्हेमी ने 11-9, 11-9 से हराया. दोनों गेम में मुकाबला काफी करीबी रहा, लेकिन विल्हेमी ने अहम मौकों पर बेहतर खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की. लंदन स्क्वॉश क्लासिक में अनाहत और रमित की जीत भारतीय दल के लिए अच्छी खबर है. अब दोनों खिलाड़ी अगले दौर में अपनी चुनौती पेश करेंगे. अनाहत और वीर आगामी एशियन गेम्स के लिए भारत के स्क्वॉश दल का भी हिस्सा हैं. एशियन गेम्स जापान के आइची-नागोया में आयोजित किए जाएंगे.

TagsSPORTS