टीएनपी डेस्क (TNP DESK): एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है. खेलों के 8वें दिन भारत को चार मेडल मिले. इनमें दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज शामिल हैं. इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 34 पहुंच गई है. भारत ने अब तक 4 गोल्ड, 15 सिल्वर और 15 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं.
एंसी सोजन ने आखिरी पल तक दी टक्कर
एथलेटिक्स में एंसी सोजन ने महिला लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल जीतकर भारत का खाता बढ़ाया. एंसी ने 6.55 मीटर की छलांग लगाई. मुकाबला काफी रोमांचक रहा, क्योंकि चीन की हुआंग यिंगयिंग ने अपने आखिरी प्रयास में 6.55 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड अपने नाम कर लिया.
एंसी और हुआंग का स्कोर बराबर रहा, लेकिन दूसरे प्रयासों के आधार पर हुआंग आगे निकल गईं. भारत की शैली सिंह ने भी मेडल के लिए पूरा जोर लगाया. उनका बेस्ट जंप 6.42 मीटर रहा और वह चौथे नंबर पर रहीं.
एंसी के लिए यह मेडल खास है. इसी साल उन्होंने 6.88 मीटर की छलांग लगाकर नेशनल रिकॉर्ड बनाया था.
अभय सिंह और अनाहत सिंह को सिल्वर
स्क्वॉश में भारत को दो सिल्वर मेडल मिले. पुरुष सिंगल्स के फाइनल में अभय सिंह का सामना मलेशिया के एनजी एइन योव से हुआ. अभय ने शुरुआत में मुकाबला कड़ा रखा, लेकिन योव ने लगातार तीन गेम जीत लिए. उन्होंने मैच 11-9, 11-5 और 11-5 से अपने नाम किया.
इस तरह अभय को सिल्वर से संतोष करना पड़ा. वहीं, योव ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीता.
महिला सिंगल्स के फाइनल में भी भारत को सिल्वर मिला. 18 साल की अनाहत सिंह के सामने मलेशिया की सिवासंगरी सुब्रमण्यम थीं. सिवासंगरी ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी और अनाहत को 11-4, 11-4 और 11-4 से हरा दिया.
अनाहत ने सेमीफाइनल में जापान की वर्ल्ड नंबर-6 सातोमी वतनाबे को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.
200 मीटर में हरिता ने जीता ब्रॉन्ज
महिला 200 मीटर में हरिता भद्रा ने भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया. उन्होंने 23.20 सेकेंड में रेस पूरी की.
इस इवेंट में श्रीलंका की वेरोनिका शांति परेरा ने 22.78 सेकेंड के साथ गोल्ड जीता. चीन की चेन युजी 22.93 सेकेंड के साथ दूसरे नंबर पर रहीं.
बॉक्सिंग में दो और मेडल पक्के
बॉक्सिंग में भी भारत के लिए अच्छी खबर आई. अंकुश पंघाल और प्रवीण हुड्डा ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है.
पुरुषों की 80 किलो कैटेगरी में अंकुश ने ताजिकिस्तान के नेक्रूज सलीमोव को हराया. वहीं, महिलाओं की 65 किलो कैटेगरी में प्रवीण हुड्डा ने उज्बेकिस्तान की नवबहोर खामिदोवा को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई.
प्रवीण के लिए यह जीत और भी खास है. हांगझोउ एशियन गेम्स में मिला उनका ब्रॉन्ज बाद में डोपिंग नियमों के उल्लंघन के कारण वापस ले लिया गया था. अब उन्होंने एक बार फिर एशियन गेम्स में अपना मेडल पक्का कर लिया है.
मुरली श्रीशंकर फाइनल में पहुंचे
लॉन्ग जंप में भारत के मुरली श्रीशंकर ने भी फाइनल में जगह बना ली है. उनके साथ डेविड सोलोमन ने भी फाइनल के लिए क्वालिफाई किया.
पुरुष हाई जंप में सर्वेश कुशारे पर भी सबकी नजरें हैं. उन्होंने 2.10 मीटर की ऊंचाई पहली ही कोशिश में पार कर ली. भारत के जे आदर्श राम ने 2.05 मीटर दूसरे प्रयास में पार किया.
सिंधु को क्वार्टर फाइनल में हार
बैडमिंटन में पीवी सिंधु को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. चीन की चेन यूफेई ने उन्हें 11-21, 21-18, 21-10 से हराया. सिंधु ने पहला गेम आसानी से जीत लिया था, लेकिन अगले दोनों गेम में चेन यूफेई ने वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया.
वहीं, वॉलीबॉल में भारत ने वियतनाम को सीधे तीन सेट में हराया. भारत ने 25-23, 25-21 और 25-20 से मुकाबला जीता. अब टीम का अगला मैच हॉन्गकॉन्ग, चीन से होगा.
वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर कौर 69 किलो कैटेगरी में 204 किलो के कुल वजन के साथ नौवें नंबर पर रहीं. उन्होंने स्नैच में 94 किलो और क्लीन एंड जर्क में 110 किलो वजन उठाया.