टीएनपी डेस्क(TNP DESK): हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आज से आगाज हो रहा है. पुरुष वर्ग में भारत अपने अभियान की शुरुआत वेल्स के खिलाफ करेगा. दोनों टीमों के बीच मुकाबला शाम 4:30 बजे से खेला जाएगा. भारतीय टीम के लिए अच्छी बात यह है कि वह अब तक वेल्स के खिलाफ एक भी मैच नहीं हारी है.
वेल्स के खिलाफ भारत का शानदार रिकॉर्ड
भारत और वेल्स के बीच अब तक चार मुकाबले खेले गए हैं और हर बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है. भारत ने 2014 में वेल्स को 3-1 से हराया था. इसके बाद 2018 में 4-3, 2022 में 4-1 और 2023 में 4-2 से जीत हासिल की.
ऐसे में वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है. हालांकि वेल्स को हल्के में लेना टीम के लिए भारी पड़ सकता है.
कप्तान हरमनप्रीत के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह पर इस मुकाबले में खास नजर रहेगी. डिफेंडर और शानदार ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत भारत के सबसे बड़े गोल स्कोररों में शामिल हैं. उन्होंने 264 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 220 गोल किए हैं.
पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करने की उनकी क्षमता भारत के लिए बड़ा हथियार है. उनके अलावा मिडफील्डर मनप्रीत सिंह और फॉरवर्ड अभिषेक से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
वेल्स के गैरेथ फर्लोंग से भारत को खतरा
वेल्स की टीम के लिए गैरेथ फर्लोंग सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक हैं. वह टीम के को-कप्तान होने के साथ पेनल्टी कॉर्नर और ड्रैग फ्लिक के विशेषज्ञ हैं.
फर्लोंग ने 166 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 113 गोल किए हैं. ऐसे में भारतीय डिफेंस को उन्हें रोकने के लिए खास रणनीति बनानी होगी.
8 भारतीय खिलाड़ी पहली बार खेलेंगे वर्ल्ड कप
भारत 20 खिलाड़ियों के स्क्वाड के साथ टूर्नामेंट में उतरेगा. टीम में आठ खिलाड़ी ऐसे हैं, जो पहली बार हॉकी वर्ल्ड कप में खेलेंगे.
डिफेंडर यशदीप सिवाच के लिए यह टूर्नामेंट बेहद खास है. वह अपना पहला वर्ल्ड कप उस देश में खेल रहे हैं, जहां उनकी मां प्रीतम सिवाच ने भी भारत के लिए वर्ल्ड कप खेला था.
पहली बार श्रीजेश के बिना उतरेगी भारतीय टीम
भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप में दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश के बिना उतरेगी. पेरिस ओलिंपिक में भारत के ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद श्रीजेश ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास ले लिया था.
अब टीम की गोलकीपिंग की जिम्मेदारी सूरज करकेरा और मोहित एचएस के पास है. दोनों गोलकीपर पहली बार वर्ल्ड कप में खेलेंगे.
भारत की नजरें मजबूत शुरुआत पर
भारत के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ करना बेहद जरूरी होगा. टीम के पास अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा खिलाड़ियों का भी अच्छा मिश्रण है. कप्तान हरमनप्रीत की अगुआई में भारतीय टीम वेल्स के खिलाफ अपने पुराने रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी.
इससे पहले महिला वर्ल्ड कप में भी दो मुकाबले खेले जाएंगे. पहला मैच ऑस्ट्रेलिया और जापान के बीच होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में जर्मनी की टीम स्कॉटलैंड से भिड़ेगी.
दोनों टीमों के स्क्वाड
भारत: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), मोहित एचएस, सूरज करकेरा, जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलाकंता शर्मा, राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, मंदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा.
वेल्स: गैरेथ फर्लोंग (कप्तान), टोबी रेनॉल्ड्स-कॉटेरिल, राइस पेन, डेनियल किरियाकिडिस, ह्वेल जोन्स, अल्फ डिनी, जैकब ड्रेपर, रोडरी फर्लोंग, डेल हचिंसन, राइस ब्रैडशॉ, फ्रेड न्यूबोल्ड, गैरेथ ग्रिफिथ्स, बेन फ्रांसिस, निक मॉर्गन, जैक प्रिचर्ड, जोलियॉन मॉर्गन, सैम वेल्श, जॉनी फ्लेक, जेम्स टायसन और लियाम बार्कर.