टीएनपी डेस्क (TNP DESK): फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है, क्योंकि FIFA World Cup 2026 ,11 जून से शुरू होने जा रहा है. इस बार का टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक रहने वाला है. ऐसा पहली बार होगा की विश्व कप में 48 टीमें हिस्सा लेंगी जिसमें कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे. अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको साथ में इस मेगा इवेंट को होस्ट करेगी. दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल फैंस की नजरें इस टूर्नामेंट पर टिकी हैं. वर्ल्ड कप सिर्फ टीमों की टक्कर नहीं होती, बल्कि यह उन खिलाड़ियों को भी याद करने का मौका देता है जिन्होंने अपने गोलों से इतिहास रचा है. आइए जानते हैं FIFA World Cup इतिहास के पांच सबसे सफल गोल स्कोररों के बारे में.
1.मिरोस्लाव क्लोजे (जर्मनी) – 16 गोल
जर्मनी के पूर्व स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने 2002 से 2014 के बीच चार विश्व कप खेले और कुल 16 गोल दागे. क्लोजे की खासियत बड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन और हवाई गेंदों पर बेहतरीन नियंत्रण था. 2014 विश्व कप के दौरान उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने नाम किया और आज तक कोई खिलाड़ी उनसे आगे नहीं निकल सका है.
2.रोनाल्डो नजारियो (ब्राजील) – 15 गोल
ब्राजील के महान फुटबॉलर रोनाल्डो नजारियो ने 1994 से 2006 के बीच चार विश्व कप में हिस्सा लिया. उन्होंने कुल 15 गोल किए और विश्व कप इतिहास के सबसे खतरनाक स्ट्राइकरों में अपनी जगह बनाई. 2002 विश्व कप में उनके आठ गोलों ने ब्राजील को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. उनकी रफ्तार, तकनीक और गोल करने की क्षमता उन्हें फुटबॉल का सुपरस्टार बनाती है.
3.गर्ड मुलर (पश्चिम जर्मनी) – 14 गोल
पश्चिम जर्मनी के दिग्गज स्ट्राइकर गर्ड मुलर ने केवल दो विश्व कप, 1970 और 1974 में हिस्सा लिया, लेकिन इन दो टूर्नामेंटों में ही 14 गोल कर इतिहास रच दिया. गोल के सामने उनकी सटीकता और मौके को गोल में बदलने की कला अद्भुत थी. सीमित मैचों में इतना बड़ा रिकॉर्ड बनाना उनकी असाधारण प्रतिभा का प्रमाण माना जाता है.
4.जस्ट फोंटेन (फ्रांस) – 13 गोल
फ्रांस के जस्ट फोंटेन का रिकॉर्ड आज भी दुनिया को हैरान करता है. उन्होंने केवल 1958 का विश्व कप खेला और उसी एक टूर्नामेंट में 13 गोल दाग दिए. यह रिकॉर्ड आज भी कायम है. एक ही वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने का कारनामा किसी अन्य खिलाड़ी ने अब तक नहीं दोहराया है. यही वजह है कि उनका नाम फुटबॉल इतिहास के सबसे अनोखे रिकॉर्डधारकों में शामिल है.
5.लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना) – 13 गोल
अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनेल मेसी ने 2006 से 2022 तक पांच विश्व कप खेले और 13 गोल किए. 2022 में उन्होंने अपनी टीम को विश्व चैंपियन बनाया और अपने शानदार करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली. मेसी न केवल गोल करने के लिए बल्कि अपनी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और खेल को नियंत्रित करने की कला के लिए भी जाने जाते हैं. आज उन्हें फुटबॉल इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में गिना जाता है.
FIFA World Cup 2026 में कई नए सितारे उभरने की कोशिश करेंगे, लेकिन मिरोस्लाव क्लोजे, रोनाल्डो नजारियो, गर्ड मुलर, जस्ट फोंटेन और लियोनेल मेसी जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड आज भी फुटबॉल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि 48 टीमों और 104 मैचों वाले इस विशाल टूर्नामेंट में कोई खिलाड़ी इन महान गोल स्कोररों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच पाता है या नहीं.
