TNP DESK: फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है . FIFA World Cup 2026 की शुरुआत 11 जून यानि की आज से होने जा रही है. इस बार टूर्नामेंट की होस्टिंग अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको संयुक्त रूप से कर रहे हैं. प्रतियोगिता का पहला मुकाबला मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा.
इस विश्व कप को कई मायनों में खास माना जा रहा है. पहली बार 48 टीमें खिताब की दौड़ में शामिल होंगी. इसके साथ ही टूर्नामेंट में कुल 104 मैच खेले जाएंगे, जो अब तक के किसी भी विश्व कप में सबसे ज्यादा है. लगभग 39 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन पर करीब 1.29 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
FIFA को उम्मीद है कि इस बार विश्व कप की पहुंच दुनिया भर में और बढ़ेगी. पिछला विश्व कप करोड़ों दर्शकों तक पहुंचा था और इस बार यह आंकड़ा और बड़ा होने की संभावना जताई जा रही है. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि विश्व कप अब केवल खेल प्रतियोगिता नहीं रह गया है, बल्कि यह वैश्विक स्तर पर मनोरंजन और व्यवसाय का भी बड़ा मंच बन चुका है.
कहां होगी स्ट्रीम?
FIFA2026 zee5 पर स्ट्रीम होने जा रहा हैं, जिसके लिए zee5 ने अपना अलग से एक प्लान निकाला है ,जिसमें 99 रुपये का 3 महीने का पैकेज और 1,699 रुपये का वार्षिक (एनुअल) पैक शामिल है. इन दोनों प्लान्स के जरिए यूजर्स टूर्नामेंट के सभी 104 मुकाबलों का पूरा डिजिटल एक्सेस प्राप्त कर सकते हैं.
तीन देशों में होंगे उद्घाटन समारोह
टूर्नामेंट के लिए तीन अलग-अलग उद्घाटन समारोह आयोजित किए जाएंगे. मैक्सिको, कनाडा और अमेरिका में होने वाले ये कार्यक्रम मेजबान देशों की संस्कृति और फुटबॉल के प्रति उनके जुनून को प्रदर्शित करेंगे. हर समारोह संबंधित मेजबान टीम के पहले मैच से करीब 90 मिनट पहले शुरू होगा.
शकीरा समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति
मैक्सिको सिटी के एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन समारोह में अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार शकीरा मुख्य आकर्षण रहेंगी. उनके अलावा बर्ना बॉय, टाइला, जे बाल्विन, अलेजांद्रो फर्नांडीज, लीला डाउन्स और बेलिंडा जैसे कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे.
नए फॉर्मेट में खेला जाएगा विश्व कप
इस बार 48 टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है. हर ग्रुप में चार-चार टीमें होंगी. सभी ग्रुपों से शीर्ष दो टीमें सीधे अगले दौर में पहुंचेंगी, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ आठ टीमों को भी नॉकआउट चरण में जगह मिलेगी.
ग्रुप चरण के बाद पहली बार "राउंड ऑफ 32" खेला जाएगा, जिससे मुकाबलों की संख्या और रोमांच दोनों बढ़ जाएंगे. इसके बाद टीमें आगे के नॉकआउट दौर में प्रवेश करेंगी.
फुटबॉल के इतिहास में यह विश्व कप आकार, भागीदारी और आयोजन के स्तर पर अब तक का सबसे बड़ा संस्करण माना जा रहा है.
