SPORTS

FIFA World Cup 2026: आज मैदान में उतरेंगी अर्जेंटीना और फ्रांस, नॉकआउट की दौड़ में होंगे अहम मुकाबले

Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
FIFA World Cup 2026: आज मैदान में उतरेंगी अर्जेंटीना और फ्रांस, नॉकआउट की दौड़ में होंगे अहम मुकाबले

टीएनपी(TNP): FIFA World Cup 2026 में आज फुटबॉल प्रशंसकों को चार रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे. ग्रुप स्टेज अब ऐसे दौर में पहुंच चुका है जहां हर जीत इम्पॉर्टन्ट हो गई है. कई टीमों के लिए यह मुकाबले नॉकआउट राउंड की राह आसान कर सकते हैं, जबकि हार किसी भी टीम की मुश्किलें बढ़ा सकती है.

आज का पहला बड़ा मुकाबला अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया के बीच खेला जाएगा. यह मैच अमेरिका में दोपहर 1 बजे EDT पर शुरू होगा. भारतीय समय के अनुसार यह मुकाबला देर रात खेला जाएगा. अर्जेंटीना ने अपने पहले मैच में अल्जीरिया को 3-0 से हराकर शानदार शुरुआत की थी. टीम का आक्रमण और मिडफील्ड दोनों शानदार लय में नजर आए थे. दूसरी तरफ ऑस्ट्रिया ने जॉर्डन को 3-1 से हराया था और वह भी आत्मविश्वास से भरी हुई है. हालांकि अनुभव, स्टार खिलाड़ियों और बड़े टूर्नामेंट में प्रदर्शन को देखते हुए अर्जेंटीना इस मुकाबले में ज्यादा मजबूत नजर आ रही है.

दिन का दूसरा मुकाबला फ्रांस और इराक के बीच होगा. फ्रांस ने अपने पहले मैच में सेनेगल को 3-1 से हराया था और टीम शानदार फॉर्म में दिखाई दी थी. फ्रांस की टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन काम्बनैशन है. दूसरी ओर इराक को अपने पहले मैच में नॉर्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में फ्रांस इस मुकाबले में स्पष्ट रूप से फेवरेट मानी जा रही है. अगर फ्रांस जीत हासिल कर लेती है तो उसकी नॉकआउट में पहुंचने के आसार है.

तीसरा मुकाबला नॉर्वे और सेनेगल के बीच खेला जाएगा. यह मैच आज के सबसे दिलचस्प मुकाबलों में से एक माना जा रहा है. नॉर्वे ने पहले मैच में इराक को 4-1 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया था. वहीं सेनेगल को फ्रांस के खिलाफ हार मिली थी लेकिन टीम ने कई मौकों पर अच्छा खेल दिखाया था. नॉर्वे की आक्रामक फुटबॉल और सेनेगल की शारीरिक मजबूती इस मैच को बेहद रोमांचक बना सकती है. कागज पर नॉर्वे थोड़ी मजबूत नजर आती है, लेकिन सेनेगल उलटफेर करने की क्षमता रखती है.

आज का चौथा मुकाबला जॉर्डन और अल्जीरिया के बीच होगा. दोनों टीमों को अपने पहले मैच में हार मिली थी. ऐसे में यह मुकाबला उनके लिए करो या मरो जैसा माना जा रहा है. जॉर्डन को ऑस्ट्रिया ने हराया था जबकि अल्जीरिया को अर्जेंटीना के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी. दोनों टीमें टूर्नामेंट में बने रहने के लिए पूरा जोर लगाएंगी. हालांकि अनुभव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन को देखते हुए अल्जीरिया को हल्की बढ़त दी जा रही है.

अगर आज के मुकाबलों में सबसे मजबूत टीमों की बात करें तो अर्जेंटीना और फ्रांस सबसे बड़ी दावेदार नजर आती हैं. दोनों टीमों ने अपने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन किया था और उनके पास मैच का रुख बदलने वाले कई स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं. फुटबॉल फैंस को उम्मीद है कि आज के मुकाबलों में गोलों की बारिश और जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा.