टीएनपी डेस्क (TNP DESK): फुटबॉल के सबसे बड़े मंच, फीफा वर्ल्ड कप 2026 का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. मौजूदा चैंपियन लियोनेल मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना अपनी एक बार फिर बादशाहत बचाने उतरेगी. पिछली बार 2022 में फ्रांस को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर खिताब जीतने वाली अर्जेंटीना के लिए इस बार चुनौती और बड़ी होगी. यह टूर्नामेंट इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण बनने जा रहा है, जिसमें पहली बार 32 के बजाय 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मैच खेले जाएंगे. टीमों को 12 समूहों में बांटा जाएगा, जहां हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमों के अलावा आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमें भी नॉकआउट यानी राउंड ऑफ 32 में पहुंचेंगी. इसके बाद का सफर बेहद रोमांचक होने वाला है.
आपको बता दें, इस बार विश्व कप में कुल 1248 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिसमें 891 खिलाड़ी पहली बार इस वैश्विक मंच पर अपना हुनर दिखाएंगे. टूर्नामेंट की मेजबानी पहली बार संयुक्त रूप से तीन देश यानी यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको कर रहे हैं. इस मेजबानी के साथ ही मेक्सिको दुनिया का पहला ऐसा देश बन जाएगा जो तीसरी बार फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा. तकनीक के स्तर पर भी यह वर्ल्ड कप एक नया अध्याय लिखेगा. पहली बार एआई (AI) आधारित ऑफिशिएटिंग सिस्टम और 3डी डिजिटल प्लेयर मॉडल का इस्तेमाल किया जाएगा. स्टेडियमों में लगे अत्याधुनिक कैमरे खिलाड़ियों की रियल-टाइम गतिविधियों को ट्रैक करेंगे, जिससे ऑफसाइड और वीएआर (VAR) के फैसले बेहद तेज और सटीक हो जाएंगे.
बताते चले, इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण 19 जुलाई को मेटलाइफ स्टेडियम में होने वाला फाइनल मुकाबला होगा. अमेरिकी खेल आयोजनों से प्रेरणा लेते हुए, फीफा इतिहास में पहली बार फाइनल मैच के दौरान एक भव्य हाफ-टाइम शो आयोजित करने की योजना बनाई गई है. इस बहुप्रतीक्षित शो के लिए शकीरा, मेडोना और बीटीएस जैसे दुनिया के सबसे बड़े संगीत सितारों के नामों की चर्चा जोरों पर है. कुल मिलाकर, 12 ग्रुप, राउंड ऑफ 32 से लेकर सेमीफाइनल और फाइनल तक का यह सफर न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल प्रशंसकों के लिए एक कभी न भूलने वाला अद्भुत और रोमांचक अनुभव साबित होने जा रहा है.
