SPORTS

FIFA 2026: विनिसियस का करारा जवाब, मोरक्को ने ब्राजील को रोका, रोमांचक मुकाबला 1-1 से ड्रॉ

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

TNP DESK: ब्राजील और मोरक्को के बीच फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-सी का मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा. न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन अंत में मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ.


मोरक्को ने 21वें मिनट में बढ़त हासिल की. ब्राजीलियाई डिफेंस की चूक का फायदा उठाते हुए इस्माइल साइबारी ने बेहतरीन चिप शॉट लगाकर गेंद को गोलकीपर एलिसन बेकर के ऊपर से जाल में पहुंचा दिया. इस गोल ने मोरक्को को शुरुआती बढ़त दिलाई और ब्राजील पर दबाव बढ़ा दिया.

हालांकि, ब्राजील ने जल्द ही वापसी की. 32वें मिनट में विनिसियस जूनियर ने अपनी शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए बॉक्स के बाहर से जोरदार कर्लिंग शॉट लगाया, जो सीधे टॉप कॉर्नर में जाकर लगा. इस शानदार गोल की बदौलत ब्राजील ने मुकाबले में बराबरी हासिल कर ली.
दूसरे हाफ में ब्राजील ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखा और लगातार हमले किए, लेकिन मोरक्को की मजबूत रक्षापंक्ति ने उन्हें बढ़त लेने का मौका नहीं दिया. राफिन्हा समेत ब्राजील के खिलाड़ियों को कुछ अच्छे अवसर मिले, लेकिन वे उन्हें गोल में नहीं बदल सके.दूसरी ओर, मोरक्को ने अनुशासित रक्षण और तेज जवाबी हमलों के दम पर ब्राजील को लगातार चुनौती दी. दोनों गोलकीपरों ने भी अहम बचाव किए, जिसके चलते अतिरिक्त समय तक कोई और गोल नहीं हो सका. मैच के ड्रॉ रहने से दोनों टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत एक-एक अंक के साथ की. ब्राजील को अपनी फिनिशिंग में सुधार की जरूरत महसूस होगी, जबकि मोरक्को इस प्रदर्शन से आत्मविश्वास मिला कि वह बड़े प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर देने में सक्षम है.