टीएनपी डेस्क (TNP DESK): भारत में महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने की दिशा में कैपरी स्पोर्ट्स और ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के बीच 15 साल की बड़ी साझेदारी हुई है. इस समझौते के तहत कैपरी स्पोर्ट्स को इंडियन विमेंस लीग (IWL) और इंडियन विमेंस लीग 2 (IWL 2) के कमर्शियल डेवलपमेंट और मार्केटिंग राइट्स मिले हैं. कंपनी दोनों लीग के दर्शकों की संख्या बढ़ाने, खिलाड़ियों और क्लबों की पहुंच मजबूत करने, ब्रांड और निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ ब्रॉडकास्ट और डिजिटल एंगेजमेंट को बढ़ावा देने पर काम करेगी. इस साझेदारी का उद्देश्य महिला क्लब फुटबॉल को ज्यादा मजबूत, आकर्षक और व्यावसायिक रूप से टिकाऊ बनाना है.
कैपरी स्पोर्ट्स ने हाल ही में नोवा स्पोर्ट्स नाम से ग्रासरूट से लेकर एलीट लेवल तक फुटबॉल पहल की शुरुआत की है. इसका लक्ष्य अगले 10 वर्षों में देशभर की 15 लाख लड़कियों तक पहुंच बनाना है. नोवा स्पोर्ट्स के जरिए जमीनी स्तर पर लड़कियों की भागीदारी बढ़ाने और IWL तथा IWL 2 के जरिए उन्हें प्रोफेशनल फुटबॉल का मंच देने की योजना है. कंपनी का कहना है कि इससे महिला फुटबॉल के लिए भागीदारी से लेकर प्रोफेशनल प्रतियोगिता तक एक मजबूत रास्ता तैयार होगा. कैपरी स्पोर्ट्स का महिला खेलों में अनुभव WPL की टीम UP Warriorz के साथ भी रहा है. वर्ष 2016 में शुरू हुई IWL का नया सीजन 15 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा, जिसमें आठ क्लब 56 मुकाबलों में हिस्सा लेंगे.
AIFF अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा कि महिला फुटबॉल में भागीदारी और खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन में बढ़ोतरी के साथ U17 और U15 जैसी युवा प्रतियोगिताओं का भी विस्तार हुआ है. ऐसे में क्लब स्तर की प्रतियोगिताओं को मजबूत करना अगला महत्वपूर्ण कदम है. AIFF के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल एम सत्यानारायण ने कहा कि कैपरी स्पोर्ट्स के जुड़ने से IWL और IWL 2 को ज्यादा विजिबिलिटी, दर्शक और कमर्शियल अवसर मिल सकते हैं. कैपरी स्पोर्ट्स की डायरेक्टर और प्रमोटर जिनिशा शर्मा ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य महिला फुटबॉल में मजबूत क्लब, बेहतर प्रतिभा विकास, फैन एंगेजमेंट और व्यावसायिक अवसरों का एक टिकाऊ इकोसिस्टम तैयार करना है.
