☰
SPORTS

कब मिलेगा वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड सीरीज में मौका, जानिए क्या कहते हैं रिकॉर्ड

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज खेला जाएगा. क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में होने वाले इस मैच में सबकी नजर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी. भारतीय टीम सीरीज का पहला मुकाबला जीतकर 1-0 से आगे है. अब सवाल यह है कि क्या वैभव को इस मैच में खेलने का मौका मिलेगा और अगर वह मैदान पर उतरते हैं, तो उनकी बल्लेबाजी का ऑडर क्या होगा.

ईशान किशन के बाहर होने से खुला रास्ता

वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चा इसलिए तेज हो गई है, क्योंकि ईशान किशन चोट के कारण दूसरे मुकाबले से बाहर हो गए हैं. ऐसे में भारतीय टीम के पास बल्लेबाजी में बदलाव करने का मौका है. बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में वैभव के खेलने के संकेत दिए हैं. इससे उनके प्रशंसकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं.

हालांकि, अंतिम फैसला टीम की प्लेइंग इलेवन और बल्लेबाजी के ऑडर पर निर्भर करेगा. वैभव को मौका मिलता है, तो उनके लिए यह खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साबित करने का अच्छा अवसर होगा.

ओपनिंग करेंगे या नंबर-3 पर उतरेंगे

वैभव खेलते हैं, तो सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि उन्हें ओपनिंग की जिम्मेदारी मिलेगी या तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी होगी.

एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी को एक साथ खिलाया था. उस दौरान वैभव ने पारी की शुरुआत की थी, जबकि संजू सैमसन तीसरे नंबर पर उतरे थे.

लेकिन पिछले मुकाबले में संजू सैमसन ने ओपनिंग करते हुए 33 गेंदों पर 67 रन की शानदार पारी खेली थी. ऐसे में टीम उनके इसी क्रम को बरकरार रख सकती है. अगर ऐसा होता है, तो वैभव को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिल सकता है. हालांकि, यह फैसला टीम की रणनीति पर निर्भर करेगा.

भारत के रिकॉर्ड पर भी रहेगी नजर

यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट के लिए एक खास उपलब्धि वाला मैच भी होगा. भारत अपना 300वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगा. इस मुकाम तक पहुंचने वाली भारतीय टीम दुनिया की दूसरी टीम बनेगी. पाकिस्तान 304 मैचों के साथ इस टैली में पहले स्थान पर है.

अगर भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ यह मैच जीत जाता है, तो उसके नाम टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 जीत दर्ज करने की उपलब्धि भी जुड़ जाएगी.

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 32 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं. इनमें भारतीय टीम ने 20 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मुकाबलों में जीत मिली है. एक मैच टाई रहा है.

अब देखना होगा कि वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में मौका मिलता है या नहीं. अगर वह मैदान पर उतरते हैं, तो सभी की नजर उनकी बल्लेबाजी और टीम में उनकी भूमिका पर रहेगी.

TagsSPORTS