SPORTS

3 अक्टूबर से होगा WCL 2026 का आगाज, युवराज-अफरीदी समेत कई दिग्गज उतरेंगे मैदान में

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

टीनपी डेस्क (TNP DESK): क्रिकेट फैंस के लिए एक बार फिर पुराने सितारों को मैदान पर देखने का मौका मिलने वाला है. वर्ल्ड चैंपियनशिप्स ऑफ लीजेंड्स (WCL) के तीसरे सीजन की शुरुआत 3 अक्टूबर 2026 से होने जा रही है. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 18 अक्टूबर को खेला जाएगा. इस सीजन में पहले की तुलना में ज्यादा दिग्गज खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है. खास बात यह है कि बांग्लादेश चैंपियंस को भी WCL 2026 में शामिल किया गया है. इससे टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है. WCL के पहले सीजन का खिताब भारत चैंपियंस ने अपने नाम किया था, जबकि दूसरे सीजन में साउथ अफ्रीका चैंपियंस चैंपियन बनी थी. दोनों ही मौकों पर फाइनल में पाकिस्तान चैंपियंस को हार का सामना करना पड़ा था.

दिग्गज खिलाड़ियों से सजेगा तीसरा सीजन

WCL 2026 के तीसरे सीजन में क्रिकेट की दुनिया के कई लोकप्रिय पूर्व सितारे एक बार फिर मैदान पर अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे. भारत की टीम को युवराज सिंह जैसे बड़े नाम से मजबूती मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज एबी डीविलियर्स भी टूर्नामेंट में आकर्षण का केंद्र होंगे. वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो, पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी और इंग्लैंड के मोइन अली भी इस सीजन में खेलते नजर आएंगे. वहीं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और बांग्लादेश के अनुभवी खिलाड़ी मोहम्मद महमूदुल्लाह की मौजूदगी भी लीग को खास बनाएगी. इन खिलाड़ियों की वजह से फैंस को एक बार फिर पुराने दौर के क्रिकेट सितारों को प्रतिस्पर्धी मुकाबलों में देखने का मौका मिलेगा.

फैंस को मिलेंगे बड़े सरप्राइज

WCL के संस्थापक और CEO हर्षित तोमर ने आगामी सीजन को बेहद खास बताया है. उनके मुताबिक तीसरे सीजन में टूर्नामेंट को एक नए स्तर पर ले जाने की तैयारी है. उन्होंने संकेत दिया कि इस बार लीग सिर्फ लंदन तक सीमित नहीं रहेगी और फैंस के लिए कुछ बड़े सरप्राइज भी देखने को मिल सकते हैं. आयोजकों की कोशिश है कि दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों को ज्यादा से ज्यादा बड़े नामों को एक साथ खेलते देखने का मौका मिले. लीग के आयोजकों का दावा है कि आने वाले समय में कुछ और दिग्गज खिलाड़ियों के नाम भी सामने आ सकते हैं. यानी WCL 2026 की स्टार लिस्ट अभी पूरी तरह सामने नहीं आई है.

3 अक्टूबर से शुरू होगा क्रिकेट का रोमांच

WCL 2026 का आयोजन 3 अक्टूबर से शुरू होगा और 18 अक्टूबर को फाइनल के साथ इसका समापन होगा. टूर्नामेंट में अलग-अलग देशों के पूर्व क्रिकेट सितारे अपनी-अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे. बांग्लादेश चैंपियंस के जुड़ने से प्रतियोगिता का दायरा भी बढ़ा है. अब फैंस की नजर इस बात पर होगी कि भारत चैंपियंस अपने पहले सीजन की सफलता दोहरा पाती है या नहीं, या फिर कोई दूसरी टीम खिताब अपने नाम करती है. फिलहाल दिग्गज खिलाड़ियों की लंबी सूची ने तीसरे सीजन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों की उत्सुकता बढ़ा दी है.

TagsSPORTS