TNP DESK: भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा, इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं, कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया और मैदान पर जमकर पसीना बहाया. आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद कई खिलाड़ी सीधे राष्ट्रीय टीम से जुड़े हैं और अब उनका पूरा ध्यान टेस्ट क्रिकेट पर है.
मुल्लांपुर स्थित पीसीए स्टेडियम में हुए अभ्यास सत्र के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग पर विशेष ध्यान दिया. टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी पूरे समय खिलाड़ियों की गतिविधियों पर नजर रखते दिखाई दिए, उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों का जायजा लिया और जरूरी सुझाव भी दिए.
अभ्यास के दौरान उप-कप्तान केएल राहुल ने नेट्स में लंबा समय बिताया, उन्होंने विभिन्न गेंदबाजों का सामना करते हुए अपनी बल्लेबाजी को बेहतर बनाने की कोशिश की. युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी पूरे आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते नजर आए, टीम प्रबंधन चाहता है कि सभी बल्लेबाज मैच से पहले अच्छी लय हासिल कर लें.
कप्तान शुभमन गिल भी अभ्यास के दौरान काफी सक्रिय दिखाई दिए, आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद वह अच्छे फॉर्म में हैं और अब उसी प्रदर्शन को टेस्ट क्रिकेट में दोहराने की कोशिश करेंगे, उन्होंने फील्डिंग अभ्यास में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ समय बिताया.
गेंदबाजी विभाग में भी खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने लंबे स्पेल डाले और अपनी फिटनेस तथा लय पर काम किया, हालांकि सिराज के खेलने को लेकर अभी कुछ सवाल बने हुए हैं. आईपीएल में लगातार मैच खेलने के कारण उनके कार्यभार को देखते हुए टीम प्रबंधन उन्हें आराम देने पर विचार कर सकता है.
अगर सिराज को आराम दिया जाता है तो जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज औकिब नबी को मौका मिल सकता है, डोमेस्टिक क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और उन्होंने हाल के सीजन में काफी विकेट हासिल किए हैं. फिलहाल वह नेट गेंदबाज के रूप में टीम के साथ जुड़े हुए हैं और टीम प्रबंधन की नजर उन पर बनी हुई है.
अभ्यास शिविर में कई युवा गेंदबाज भी मौजूद हैं, जो टीम के बल्लेबाजों को अभ्यास कराने में मदद कर रहे हैं. इनमें गुरजपनीत सिंह, प्रिंस यादव, सारांश जैन, जीशान अंसारी और शिवांग कुमार जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. तेज गेंदबाज मयंक यादव भी नेट गेंदबाज के रूप में टीम के साथ जुड़े हुए हैं और अपनी गति से सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे है.
भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर अपने टेस्ट अभियान की मजबूत शुरुआत करना चाहेगी, युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन से सजी टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है. अब सभी की नजर 6 जून से शुरू होने वाले इस टेस्ट मैच पर टिकी है, जहां भारत और अफगानिस्तान आमने-सामने होंगे.
