SPORTS

एशियन गेम्स में टीम इंडिया की धमाकेदार शुरुआत, जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): एशिया कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स-2026 में भी शानदार शुरुआत की है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने शुक्रवार को जापान को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.

भारत को टूर्नामेंट में सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली थी. जापान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने पहले शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरी टीम को सिर्फ 57 रन पर समेट दिया. इसके बाद भारत ने महज पांच ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

श्रीचरणी के सामने नहीं टिक सकीं जापानी बल्लेबाज

भारत ने टॉस जीतकर जापान को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया. जापान की शुरुआत धीमी जरूर रही, लेकिन उसने पावरप्ले में कोई विकेट नहीं गंवाया. इसके बाद सातवें ओवर से मैच पूरी तरह बदल गया.

श्रीचरणी ने सातवें ओवर की लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर जापान को पहला झटका दिया. इसके बाद जापान की पारी संभल नहीं सकी और लगातार विकेट गिरते रहे. पूरी टीम 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर 57 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

जापान की तरफ से सिर्फ दो बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सकीं. अयाका काटो स्टाफोर्ड ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए, जबकि हारूना इवासाकी ने 10 रन की पारी खेली.

चार विकेट लेकर छाईं श्रीचरणी

भारत के लिए श्रीचरणी सबसे सफल गेंदबाज रहीं. उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए. खास बात यह रही कि उन्होंने अपने चार ओवरों में दो मेडेन ओवर भी डाले.

शेफाली वर्मा ने भी गेंद से कमाल दिखाते हुए दो विकेट लिए. श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली, जबकि जापान की दो बल्लेबाज रन आउट हुईं.

शेफाली ने 15 गेंदों में ठोके 40 रन

58 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत में दो झटके लगे. स्मृति मंधाना की जगह शेफाली वर्मा के साथ ओपनिंग करने उतरीं गुनालान कामिलिनी बिना खाता खोले आउट हो गईं. इसके बाद भारती फूलमाली भी 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं.

हालांकि दूसरे छोर पर शेफाली ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी. उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्के लगाते हुए नाबाद 40 रन बनाए. ऋचा घोष ने 6 गेंदों में दो छक्कों की मदद से नाबाद 12 रन बनाए और छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई.

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम अब एशियन गेम्स-2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गई है.

TagsSPORTS