☰
SPORTS

IPL 2027: आज जारी होगी रिटेंशन लिस्ट, धोनी से लेकर यशस्वी जायसवाल तक इन बड़े खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): IPL का अगला सीजन शुरू होने में अभी वक्त है, लेकिन क्रिकेट का रोमांच अभी से बढ़ गया है. वजह है खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट. आज IPL की 10 फ्रेंचाइजी अपने उन खिलाड़ियों के नाम सामने रखेंगी, जिन्हें वे IPL 2027 के लिए टीम में बनाए रखना चाहती हैं. इसके साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि किन खिलाड़ियों का सफर पुरानी टीम के साथ खत्म हो सकता है. इस बार मामला सिर्फ खिलाड़ियों को रखने या बाहर करने तक सीमित नहीं है. कई टीमों के बीच बड़े ट्रेड हो चुके हैं और कुछ बड़े खिलाड़ियों के भविष्य पर भी सवाल बने हुए हैं. ऐसे में आज की लिस्ट पर फैंस के साथ-साथ क्रिकेट एक्सपर्ट्स की भी नजर रहेगी.

धोनी पर सबसे बड़ा सवाल

चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए सबसे बड़ा सवाल महेंद्र सिंह धोनी को लेकर है. क्या धोनी IPL 2027 में भी मैदान पर नजर आएंगे या फिर वह क्रिकेट को अलविदा कहेंगे? फिलहाल उन्हें टीम में बनाए रखने की उम्मीद जताई जा रही है. वहीं चेन्नई अपनी टीम में ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों को भी बनाए रख सकती है.

यशस्वी जायसवाल पर भी रहेगी नजर

राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल का भविष्य चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है. खबरें हैं कि उन्हें लेकर दूसरी फ्रेंचाइजी भी दिलचस्पी दिखा रही हैं. वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मोहम्मद शमी और सैम करन को लेकर ट्रेड की चर्चा भी सामने आई है. अगर यह सौदा होता है तो दोनों टीमों की गेंदबाजी और ऑलराउंडर ऑप्शन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.

हार्दिक और पंत की टीम बदलने से बदला समीकरण

रिटेंशन से पहले ही ट्रेड विंडो में कई बड़े उलटफेर हो चुके हैं. हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स पहुंच चुके हैं, जबकि अर्शदीप सिंह ने मुंबई इंडियंस का दामन थाम लिया है. वहीं ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हुई है और कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ जुड़ गए हैं. इन बदलावों के बाद अब देखना होगा कि फ्रेंचाइजी अपने बाकी खिलाड़ियों को लेकर क्या फैसला करती हैं.

KKR और हैदराबाद के सामने भी बड़ी चुनौती

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सुनील नरेन, रिंकू सिंह और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी अहम हैं. वहीं कैमरून ग्रीन और मथीशा पथिराना जैसे महंगे खिलाड़ियों को लेकर भी फैसला करना होगा. दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद के सामने पैट कमिंस और ट्रेविस हेड को लेकर सवाल हैं. दोनों खिलाड़ियों की अवैलबलिटी को देखते हुए टीम को अपनी रणनीति बनानी होगी.

कब और कहां देख सकेंगे रिटेंशन लिस्ट?

IPL 2027 की रिटेंशन लिस्ट आज जारी होगी. इसके लिए जियोहॉटस्टार पर विशेष कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसकी शुरुआत शाम 4:30 बजे से होने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद सभी टीमों की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी. बता दें कि IPL 2027 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित होना है. ऐसे में आज की रिटेंशन लिस्ट यह तय करेगी कि कौन-सी टीम किस खिलाड़ी के साथ आगे बढ़ेगी और किसे नीलामी में नए खिलाड़ियों की तलाश करनी होगी. अब फैंस को बस उन बड़े नामों का इंतजार है, जिनका नाम आज सबको चौंका सकता है.