SPORTS

IND vs BAN Semifinal: फाइनल के टिकट के लिए आज भिड़ेंगे भारत-बांग्लादेश, जानें किसका पलड़ा भारी?

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): अब मुकाबला सिर्फ जीत का नहीं, फाइनल के टिकट का है. महिला एशिया कप में अब तक शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम इंडिया आज अपने सबसे अहम मुकाबले में उतरेगी. पहले सेमीफाइनल में भारत के सामने बांग्लादेश की चुनौती होगी. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात 8 बजे से दोनों टीमें आमने-सामने होंगी. भारत की नजर अपनी जीत की लय बरकरार रखते हुए फाइनल में जगह बनाने पर होगी, जबकि बांग्लादेश टीम इंडिया को रोककर बड़ा उलटफेर करना चाहेगा.

भारतीय टीम के लिए अच्छी बात यह है कि उसने इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी मुकाबला नहीं गंवाया है. बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक टीम ने दमदार खेल दिखाया है. बांग्लादेश के खिलाफ पुराने आंकड़े भी भारत का हौसला बढ़ाने वाले हैं. टीम इंडिया पिछले 8 विमेंस टी-20 इंटरनेशनल मुकाबलों में बांग्लादेश से नहीं हारी है. बांग्लादेश ने आखिरी बार 13 जुलाई 2023 को भारत के खिलाफ जीत दर्ज की थी.

दोनों टीमों के बीच अब तक 24 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 21 में जीत हासिल की है. हालांकि, सेमीफाइनल में पुराने आंकड़ों से ज्यादा उस दिन का खेल मायने रखेगा. एक हार किसी भी टीम का खिताब जीतने का सपना तोड़ देगी.

तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत

भारत ने ग्रुप-A में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मुकाबले जीते और 6 अंकों के साथ टॉप पर रहा. टीम इंडिया ने थाईलैंड को 94 रन से हराया. इसके बाद हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 137 रन की बड़ी जीत दर्ज की. पाकिस्तान के खिलाफ भी भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिला और उसने मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया.

दूसरी तरफ बांग्लादेश ग्रुप-B में 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा. उसने इंडोनेशिया को 71 रन और UAE को 34 रन से हराया, जबकि श्रीलंका के खिलाफ उसे 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा.

भारत जीता तो फाइनल में, हारा तो सफर खत्म

यह नॉकआउट मुकाबला है, इसलिए यहां किसी भी टीम को दूसरा मौका नहीं मिलेगा. जो टीम जीतेगी, वह सीधे महिला एशिया कप के फाइनल में पहुंच जाएगी. हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर यहीं खत्म हो जाएगा.

अगर भारत बांग्लादेश को हरा देता है तो वह अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बना लेगा. वहीं, अगर बांग्लादेश उलटफेर करने में सफल रहता है तो वह फाइनल में पहुंच जाएगा और भारतीय टीम खिताब की रेस से बाहर हो जाएगी.

स्मृति और शेफाली से फिर बड़ी पारी की उम्मीद

भारत की ओपनर स्मृति मंधाना इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने तीन मैचों में 178.82 की स्ट्राइक रेट से 152 रन बनाए हैं. इसमें हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ खेली गई 124 रन की शतकीय पारी भी शामिल है. उनकी ओपनिंग पार्टनर शेफाली वर्मा भी अच्छी लय में हैं और तीन मुकाबलों में 104 रन बना चुकी हैं.

गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा टीम इंडिया की बड़ी ताकत रही हैं. उन्होंने तीन मैचों में सिर्फ 1.90 की इकोनॉमी से 8 विकेट लिए हैं. नंदनी शर्मा और प्रेमा रावत भी 5-5 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं.

बांग्लादेश की तरफ से शोभना मोस्तारी ने तीन मैचों में 77 रन बनाए हैं. वहीं, गेंदबाजी में मारुफा अक्तर भारत के लिए चुनौती बन सकती हैं. वह तीन मुकाबलों में 8 विकेट ले चुकी हैं.

दुबई में स्पिनर्स का दिख सकता है दम

दुबई की पिच पर अब तक बड़े स्कोर बनाना आसान नहीं रहा है. ग्रुप स्टेज में यहां खेले गए 12 मुकाबलों में केवल भारत ही 150 रन का आंकड़ा पार कर पाया है और टीम इंडिया ने ऐसा दो बार किया है.

पावरप्ले में बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने के मौके मिले हैं, लेकिन आखिरी ओवरों में रन बनाना मुश्किल हुआ है. गर्मी और उमस के कारण स्पिन गेंदबाजों को भी पिच से मदद मिल रही है. यहां 12 में से 8 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं.

मैच के दौरान तापमान करीब 34 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. ऐसे में खिलाड़ियों के लिए गर्मी और उमस भी बड़ी चुनौती होगी.

TagsSPORTS