SPORTS

सिर्फ 7 गेंदों में दीप्ति शर्मा का कमाल, थाईलैंड के खिलाफ रचा ऐतिहासिक रिकॉर्ड

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 का आगाज शानदार जीत के साथ किया है. ग्रुप ए के मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपना खाता खोला. इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने जहां चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, वहीं गेंदबाजों ने थाईलैंड की पूरी टीम को महज 65 रन पर रोक दिया.

मैच में सबसे ज्यादा चर्चा दीप्ति शर्मा की रही. उन्होंने बेहद कम गेंदों में तीन विकेट लेकर महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नया रिकॉर्ड बना दिया. दूसरी ओर, शेफाली वर्मा ने बल्ले से तेज तर्रार अर्धशतकीय पारी खेलकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

शेफाली ने संभाली भारतीय पारी

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत पूरी तरह से आसान नहीं रही. टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए, लेकिन शेफाली वर्मा एक छोर पर मजबूती से डटी रहीं. उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में 64 रन बनाए. अपनी पारी के दौरान शेफाली ने आठ चौके और तीन छक्के लगाए.

यह शेफाली का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 19वां अर्धशतक रहा. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ा दिया था. हालांकि, थाईलैंड की स्पिन गेंदबाजों ने वापसी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाया.

प्रतिका रावल ने अपने डेब्यू मुकाबले में 22 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना के बल्ले से 19 रन निकले. भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 159 रन बनाए.

थाई बल्लेबाजों के सामने भारतीय गेंदबाजों का कहर

160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सकी. टीम के ज्यादातर बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके. विकेटकीपर बल्लेबाज नानाफत कोंचारोएंकई ने 41 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त साथ नहीं मिला.

थाईलैंड की पूरी टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 65 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से नंदनी शर्मा ने चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लिए. श्री चरणी ने तीन ओवर में 10 रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया. क्रांति गौड़ को भी एक सफलता मिली.

सात गेंदों में दीप्ति ने रचा इतिहास

इस मुकाबले में दीप्ति शर्मा ने ऐसी उपलब्धि हासिल की, जिसने उन्हें महिला टी20 क्रिकेट के इतिहास में खास जगह दिला दी. दीप्ति ने केवल सात गेंदें फेंकी और बिना कोई रन दिए तीन विकेट अपने नाम किए.

इन तीन विकेट के साथ दीप्ति के टी20 इंटरनेशनल विकेटों की संख्या 171 हो गई. उन्होंने थाईलैंड की थिपाटचा पुथावोंक को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 170 विकेट हैं. अब दीप्ति महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं.

दीप्ति के लिए यह मुकाबला इसलिए भी खास रहा क्योंकि यह उनका 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच था. वह हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के बाद भारत की तीसरी महिला क्रिकेटर बनीं, जिन्होंने 150 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले पूरे किए हैं.