☰
SPORTS

BIG BREAKING: वैभव सूर्यवंशी का विश्व क्रिकेट में धमाका, 52 गेंदों में जड़ दिया दोहरा शतक

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): क्रिकेट की दुनिया में भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है. UAE-A के खिलाफ मुकाबले में महज 15 साल के वैभव ने ऐसी पारी खेली, जिसने लिस्ट ए क्रिकेट के कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जबकि 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया. वैभव की इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 250 रन का लक्ष्य बेहद आसानी से हासिल कर लिया.

53 गेंदों में 204 रन, लगाए 28 छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने यूएई-ए के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उन्होंने महज 53 गेंदों में 204 रन की पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 28 गगनचुंबी छक्के निकले. उनकी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 28 गेंदों में शतक और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिया. भारतीय टीम ने यूएई की ओर से दिए गए 250 रन के लक्ष्य को 14.2 ओवर में ही हासिल कर लिया.

52 गेंदों में दोहरा शतक, तोड़ा चाड बोव्स का रिकॉर्ड

वैभव ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के चाड बोव्स के नाम था, जिन्होंने 103 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया था. वहीं ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड और भारत के एन. जगदीसन ने 114-114 गेंदों में दोहरा शतक लगाया था. वैभव ने इन सभी रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया.

एक पारी में 28 छक्के, सबसे आगे निकले वैभव

वैभव ने एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. उन्होंने 28 छक्के जड़े. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के डार्सी शॉर्ट के नाम था, जिन्होंने एक पारी में 23 छक्के लगाए थे. न्यूजीलैंड के बेवन जैकब्स 21 छक्कों के साथ इस सूची में शामिल थे.

सबसे तेज शतक का भी बनाया विश्व रिकॉर्ड

वैभव ने 28 गेंदों में शतक पूरा कर लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैक्गर्क को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 29 गेंदों में शतक लगाया था. इस सूची में एबी डिविलियर्स 31 गेंद, सकीबुल गनी 32 गेंद और ईशान किशन 33 गेंद में शतक के साथ शामिल हैं. महज 15 साल की उम्र में वैभव की यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.