SPORTS

15 साल के वैभव पर बीसीसीआई का बड़ा फैसला, इंग्लैंड दौरे पर साथ जाएंगे माता-पिता

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
15 साल के वैभव पर बीसीसीआई का बड़ा फैसला, इंग्लैंड दौरे पर साथ जाएंगे माता-पिता

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): भारतीय क्रिकेट में एक नया नाम तेजी से उभर रहा है. महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई टीम में शामिल होकर उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. यह पहली बार है जब वैभव को सीनियर भारतीय टीम का हिस्सा बनाया गया है. भारतीय टीम जून में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगी. इसके बाद जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज होगी. इन दोनों सीरीज में टीम की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे. टीम चयन के बाद सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है, क्योंकि इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय टीम तक पहुंचना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी बात मानी जाती है. वैभव के पास इतिहास रचने का शानदार मौका है. अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन सकते हैं. इस मामले में वह महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ सकते हैं. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि वैभव में लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा करने की क्षमता है.

बता दें, आईपीएल 2026 में वैभव का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में लगातार रन बनाए और कई यादगार पारियां खेलीं. उनकी बल्लेबाजी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा. इसी प्रदर्शन का इनाम उन्हें भारतीय टीम में चयन के रूप में मिला है. इस बीच एक और खबर सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई(BCCI) वैभव के माता-पिता को उनके साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भेजने की तैयारी कर रहा है. हाल ही में बोर्ड ने विदेशी दौरों पर खिलाड़ियों के परिवार को साथ रखने पर कुछ नियम बनाए थे, लेकिन वैभव की कम उम्र को देखते हुए उनके मामले में विशेष अनुमति दी जा सकती है. बताया जा रहा है कि बीसीसीआई का मानना है कि नए माहौल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दबाव को समझने में माता-पिता का साथ वैभव के लिए मददगार साबित होगा. इससे उन्हें मानसिक रूप से मजबूत रहने और नई परिस्थितियों में जल्दी ढलने में सहायता मिलेगी. बोर्ड उनके माता-पिता के यात्रा और रहने का पूरा खर्च भी उठा सकता है.

फिलहाल वैभव भारत ए टीम के साथ श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज खेल रहे हैं. वहां भी उनके प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की नजर बनी हुई है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड चाहता है कि युवा खिलाड़ी को सही माहौल और पूरा सहयोग मिले ताकि वह अपने करियर की शुरुआत मजबूती के साथ कर सके.
क्रिकेट प्रशंसकों को अब वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का इंतजार है. अगर उन्हें मौका मिलता है और वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो भारतीय क्रिकेट को आने वाले वर्षों के लिए एक नया सितारा मिल सकता है.

रिपोर्ट: सौम्या शुक्ला