टीएनपी डेस्क(TNP DESK): कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का चौथा दिन भारत के लिए बेहद अहम रहने वाला है. शुरुआती दिनों में मिले मिले-जुले प्रदर्शन के बाद अब भारतीय खिलाड़ियों से पदकों की उम्मीद और बढ़ गई है. रविवार को वेटलिफ्टिंग, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स, लॉन बॉल्स, स्विमिंग और बॉक्सिंग में भारत के कई खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे. सबसे ज्यादा नजरें ओलिंपिक सिल्वर मेडलिस्ट और दो बार की कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट मीराबाई चानू पर रहेंगी, जो एक बार फिर देश को स्वर्ण पदक दिलाने के इरादे से उतरेंगी.
मीराबाई चानू से गोल्ड की सबसे बड़ी उम्मीद
भारत के लिए दिन का सबसे बड़ा मुकाबला महिला 48 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग फाइनल होगा. शाम 6:45 बजे मीराबाई चानू स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी. कॉमनवेल्थ गेम्स में उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है और इस बार भी उनसे लगातार तीसरे गोल्ड की उम्मीद की जा रही है. पूरे देश की नजरें उनके प्रदर्शन पर टिकी होंगी.
वेटलिफ्टिंग में तीन भारतीय आजमाएंगे दम
मीराबाई के अलावा भारत के दो और वेटलिफ्टर भी पदक की दौड़ में शामिल होंगे. दोपहर 2:15 बजे ऋषिकांत सिंह पुरुष 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में उतरेंगे. वहीं रात 11:15 बजे एम. राजा पुरुष 65 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अपनी चुनौती पेश करेंगे. तीनों खिलाड़ियों से भारत को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.
जिम्नास्टिक्स में भी पदक पर नजर
आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स में शाम 4:30 बजे तपन मोहंती और योगेश्वर सिंह पुरुष ऑल-अराउंड फाइनल में हिस्सा लेंगे. इसके बाद रात 10:30 बजे महिला ऑल-अराउंड फाइनल खेला जाएगा, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.
लॉन बॉल्स में जारी रहेगी भारतीय चुनौती
लॉन बॉल्स में दोपहर 1 बजे रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की जोड़ी महिला पेयर्स सेक्शनल प्ले में नामीबिया का सामना करेगी. इसके बाद रात 10:05 बजे यही जोड़ी इंग्लैंड के खिलाफ भी मुकाबला खेलेगी. वहीं शाम 7:15 बजे पुतुल सोनोवाल पुरुष सिंगल्स सेक्शनल प्ले में माल्टा के खिलाड़ी शॉन जेम्स पार्निस से भिड़ेंगे.
स्विमिंग और बॉक्सिंग में भी भारतीय चुनौती
स्विमिंग में भारतीय पुरुष 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम हीट्स में उतरेगी. अगर टीम क्वालिफाई करती है तो देर रात फाइनल में पदक के लिए मुकाबला करेगी. वहीं बॉक्सिंग में रात 11:37 बजे प्रीति महिला 54 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-16 में मलावी की डेबोरा मटेंजे से भिड़ेंगी. इसके अलावा भारतीय मुक्केबाज अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर अगले दौर में पहुंचने की कोशिश करेंगे.
भारत की नजर बढ़ेगी पदकों की संख्या पर
कॉमनवेल्थ गेम्स के चौथे दिन भारतीय खिलाड़ियों के पास पदकों की संख्या बढ़ाने का शानदार मौका है. खासकर वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू से स्वर्ण पदक की सबसे बड़ी उम्मीद है. इसके अलावा जिम्नास्टिक्स, बॉक्सिंग, लॉन बॉल्स और स्विमिंग में भी भारतीय खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं. खेल प्रेमियों की नजरें पूरे दिन भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी और उम्मीद रहेगी कि चौथा दिन भारत के लिए कई खुशखबरियां लेकर आए.
